Jalaun Accident: घने कोहरे के चलते तीन वाहन टकराए… क्लीनर की मौत व चालक घायल, लगा जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जालौन मे घने कोहरे के चलते बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर टकराए।

जालौन मे घने कोहरे के चलते बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर टकराए। हादसे में क्लीनर की मौत हो गई। जबकि चालक घायल हो गया।

जालौन, अमृत विचार। सोमवार की सुबह हादसों की सुबह रही। घने कोहरे में एक के बाद एक टकराई गाडियों में जहां ट्रक के खलासी की मौत हो गई तो वहीं 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले सीएचसी भेजा गया और फिर वहां से प्रथम उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया। 

सर्दी के मौसम में वाहन चालकों के लिए कोहरा मुसीबत बन जाता है। यह बात बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर देखने को मिली जब घने कोहरे के चलते खड़े डीसीएम से गिट्टी भरा डंपर और हरी मटर लेकर जा रही डीसीएम टकराने के बाद बीच सड़क पर पलट गई। किमी संख्या 194 पर झांसी से गिट्टी लादकर तिर्वा जा रहे डंपर के खलासी अनिकेत 25 वर्ष पुत्र दिनेश निवासी पोलवा झांसी की मौत हो गई।

जबकि चालक भरत निवासी बरूआसागर गंभीर रूप से घायल हो गया। इस डंपर में डकोर की ओर से हरी मटर भरकर औरैया की तरफ जा रही डीसीएम ने टक्कर मार दी। घने कोहरे में सड़क पर पड़े इन वाहनों में गेंहू लेकर आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसमें गेंहू लदे गेंहू के बोरे सड़क पर गिर गए। किमी संख्या 191 पर टमाटर लादकर एक डीसीएम शिवपुरी मध्यप्रदेश से आगरा की ओर जा रही थी। घने कोहरे में उसकी भी टक्कर हो गई।

सड़क पर खड़ी डीसीएम में टक्कर लगने से राठ की ओर से दिल्ली की ओर जा रही एक कार भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चालक रोहित 30 वर्ष हबीबपुर काकोरी लखनऊ, खलासी अभिषेक 27 वर्ष रमपुरवा लखनऊ, भारत यादव (45) पुत्र प्रभुदयाल बरूआसागर झांसी, पुष्पेंद्र (28) पुत्र तुलाराम अकोंदा राठ, महेंद्र कुमार (34) पुत्र किशनलाल दौसा राजस्थान, रोहित यादव (35) मालीहाबाद लखनऊ, विशाल (35) पुत्र लखनलाल निवासी झांसी इसके अलावा कार में सवार झांसी निवासी इंद्रपाल, शोभित अग्रवाल व रविकांत घायल हुए।

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस समेत बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे की पिकेट मौके पर पहुंची। जिन्होंने सभी को कड़ी मशक्कत करने के बाद बाहर निकाला। सभी घायलों को एक्सप्रेसवे अधिकारी ने मेडिकल कॉलेज और सीएचसी भेजा। जहां डॉक्टरों ने घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च संस्थान रेफर कर दिया। वहीं, डंपर के खलासी को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे हादसे वाले मार्ग को कुछ देर के लिए बंद कर दिया गया है और वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया।

ये भी पढ़ें- Christmas Day 2023: यीशू जन्म पर चर्चों में बज उठीं घंटियां… गूंजा मैरी क्रिसमस गीत

संबंधित समाचार