अमरोहा: बिजलीकर्मियों व पुलिस टीम पर हमले में चार के खिलाफ रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गांव नौगांवा तगा में बिजली कर्मचारियों व पुलिस टीम पर हुआ था हमला

अमरोहा, अमृत विचार। ट्रांसफार्मर की लाइन जोड़ने गांव पहुंची बिजली विभाग की टीम पर जानलेवा हमला करने और बीच-बचाव के पुलिसकर्मियों से मारपीट के मामले में पुलिस ने दो सगे भाईयों समेत चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने मौके से हिरासत में लिए युवक को गांव के प्रधान के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने नामजद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

थाना नौगांवा सादात क्षेत्र के गांव नौगांवा तगा में सोमवार दोपहर बिजली विभाग की टीम पर हमला हुआ था। बिजली कर्मचारियों की टीम पुलिस के साथ गांव में रहने वाले होमगार्ड महेश सिंह के ट्यूबवेल कनेक्शन की लाइन गांव निवासी शिवचरन के खेत में रखे ट्रांसफार्मर से जोड़ने पहुंची थी। शिवचरन ने अपने बेटे सतीश कुमार, वीरेंद्र व परिवार के अन्य लोगों के साथ मिलकर लाइन जोड़ने का विरोध किया था। 

जेई दिनेश कुमार के अलावा बिजलीकर्मी अनिल कुमार, दरोगा तेजेंद्र व कांस्टेबल अजय कुमार ने हंगामा करने वाले लोगों को समझाने का काफी प्रयास किया। लेकिन बावजूद इसके आरोपी जिद पर अड़े रहे और बिजलीकर्मी व  पुलिस टीम पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इसी दौरान खींचतान और मारपीट के बीच बिजलीकर्मी व पुलिस टीम ने मौके से भाग कर जान बचाई।

 बाद में सूचना पर थाने से पहुंचे अतिरिक्त पुलिस बल ने बिगड़ती स्थिति को काबू किया था। बाद में  पुलिस को देखकर आरोपी मौके से भाग निकले थे। इस दौरान पुलिस ने शिवचरन को हिरासत में ले लिया था। हमले में जेई दिनेश कुमार व कांस्टेबल अजय कुमार मामूली घायल हो गए थे। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि इस मामले में जेई दिनेश कुमार की तहरीर पर सतीश कुमार व वीरेंद्र के अलावा दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच कराई जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

ये भी पढ़ें:- अमरोहा : ट्रांसफार्मर चोरी होने से गांव की विद्युत आपूर्ति बंद, 1000 विद्युत उपभोक्ता पांच दिन से परेशान... किया प्रदर्शन

संबंधित समाचार