संभल : नकली नोट छापने वाले गिरोह का सरगना आगरा से गिरफ्तार
गुन्नौर पुलिस ने छापा मारकर दबोचा , नोट छापने का प्रिंटर आदि बरामद
संभल/बबराला, अमृत विचार। गुन्नौर कोतवाली पुलिस ने नकली नोट छाप कर बाजार में खपाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना को आगरा में नकली नोट छापते हुए दबोच लिया। सरगना के साथ ही बरामद नोट छापने का प्रिंटर और नकली करेंसी लेकर पुलिस वापस लौटी। सरगना को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने पुलिस को सरगना 14 दिन की रिमांड पर दे दिया।
पुलिस ने नौ दिसंबर को नकली नोट छापने और बाजार में खपाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ कर इस गोरखधंधे में शामिल सुखवीर, नीरज, राजेन्द्र, योगेन्द्र, सचिन, मनोज और नरेंद्र को भारी मात्रा में नकली नोटों सहित गिरफ्तार किया था। तब गिरोह का सरगना योगेश उर्फ करूआ पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा था।
इसके अगले दिन गिरोह का एक और सदस्य सोनू भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया था। कोतवाल संजीव बालियान ने बताया कि मंगलवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी गिरोह का मुखिया आगरा के बमरौली में मौजूद है। तत्काल पुलिस टीम आगरा भेज कर मुखबिर द्वारा बताए स्थान बमरौली (आगरा) स्थित नीरज बघेल के घर के एक कमरे पर छापा मारा तो वहां योगेश उर्फ करूआ पुत्र नंदराम निवासी गांव सिधावली थाना बाह आगरा रंगीन प्रिंटर पर नकली नोट छाप रहा था।
500 के 16 नकली नोट व 15 सादा पेपर बरामद
संभल। कोतवाल संजीव बालियान ने बताया कि पुलिस ने योगेश को गिरफ्तार कर मौके से एचपी कंपनी का रंगीन प्रिंटर, 500 के 16 नकली नोट (सभी नोट एक ही सीरीज और नंबर 7DR673859), दो प्लेन पेपर (जिन पर दो सौ के जाली नोट छपे हैं) और जाली नोट छापने में प्रयुक्त होने वाले 15 सादा पेपर बरामद किए है। पुलिस ने बुधवार को योगेश उर्फ करूआ को न्यायालय में पेश कर दिया।
ये भी पढ़ें:- रामपुर: पेट्रोल पंप पर कर्मचारी की पिटाई, पैसे मांगने पर किया हमला... दो पर रिपोर्ट
