बरेली: सफाई के दावे चोक, उफन रहीं नालियां और सड़कों पर बह रहा पानी
बरेली, अमृत विचार। वीर सावरकर नगर में चोक नालियां के चलते सड़कों पर पानी भर गया है। आवाजाही में लोगों को परेशानी से जूझना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना बरसात के ही सड़कें पानी में डूबी रहती हैं। शिकायत के बाद भी समस्या का निदान नहीं हो रहा है। चुनाव से पहले पार्षद आए थे, मगर अब उन्होंने भी आना छोड़ दिया है। अब वे किसे परेशानी सुनाएं, नेता और अफसर इस ओर ध्यान ही नहीं दे रहे हैं।
वार्ड 10 बड़ी विहार के क्षेत्र में वीरसावरकर नगर आता है। लोगों ने जब यहां आशियाना बनाया तो उन्हें इस बात का भरोसा था कि क्षेत्र में नागरिक सुविधाएं मिलेंगी, लेकिन उनका भरोसा टूट गया। इसी कॉलोनी में माधव छात्रावास भी है। जनप्रतिनिधियों सहित कद्दावर नेताओं का आना जाना लगा रहता है, लेकिन इसी के पास गेट नंबर 6 के लोग नालियों की सफाई नहीं होने से सड़क पर जलभराव होने से परेशान है। यह समस्या पांच साल से बनी हुई है।
कॉलोनी के लोगों का कहना है कि पिछले पार्षद का रवैया भी उदासीन था और अब मौजूदा पार्षद का भी है। वह भी जीतने के बाद यहां नहीं आए। यहां के आरके श्रीवास्तव, पीके दीवाना रूपेश, मनोज कुमार आदि का कहना है कि समस्या के संबंध में मेयर के पिछले कार्यकाल में कई बार मिल चुके हैं। नगर आयुक्त से संभव जनसुनवाई में भी परेशानी बता चुके हैं। सभी ने आश्वासन देकर टाल दिया। वर्षों से समस्या जस की तस है। सेवानिवृत्त रेलकर्मी पीके दीवाना का भी यही दर्द है।
पार्षद बोले- सरकारी काम है...देर से होगा
बड़ी विहार के पार्षद अरुण कुमार कहते हैं कि वह आज ही वीरसावरकर नगर में कुछ जगह गए थे। सभी जगह सड़क और नाली की समस्या है। सरकारी काम है। इसके होने में देर लगती है।
ये भी पढे़ं- बरेली: अंत्येष्टि में शामिल होने जा रही ननद और भाभी को ट्रैक्टर ने कुचला, मौत
