Kanpur Suicide: घरवालों से झगड़ा कर जीवनलीला की समाप्त... परिजनों ने बुलाई थी पुलिस, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
कानपुर में घरवालों से झगड़ा कर लगाई फांसी।
कानपुर में घरवालों से झगड़ा कर फांसी लगा ली। झगड़ा करने पर परिवार वालों ने पुलिस बुलाई थी। समझा-बुझाकर पुलिस लौटी तो रात में जान दे दी।
कानपुर, अमृत विचार। बिधनू थानाक्षेत्र के सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के द्विवेदी नगर में शनिवार देर रात एक युवक ने परिजनों से झगड़ा करने के बाद कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। शाम को झगड़ा करने और मारपीट में आमादा होने पर परिवार वालों ने पुलिस बुलाई थी। पुलिस समझा-बुझाकर लौटी तो राम में फांसी लगा ली। पुलिस की जांच-पड़ताल के साथ ही फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाए हैं।
द्विवेदी नगर निवासी सतीश पांडेय ठेकेदारी करते हैं। सतीश के मुताबिक उन्होंने अपने मंझिले बेटे नमन (27) की शादी पिछले साल 30 जनवरी को पास के ही रेसकोर्स मैदान के पास रहने वाली सुलभ से की थी। शादी के कुछ महीनों बाद ही नमन की पत्नी सुलभ अपने मायके चली गई थी। इसके बाद दोनों में अक्सर विवाद होता था। 20 दिन पहले सुलभ को बेटी हुई है।
शनिवार देर शाम नमन शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा और परिवार वालों से झगड़ा करते हुए मारपीट पर आमादा हो गया। घरवालों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी तो कुछ देर बाद ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और नमन को डांट-फटकार लगाते हुए शांत कराया और वापस लौट गई। पुलिस के जाने के बाद नमन अपने कमरे में चला गया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
देर रात पिता सतीश ने खिड़की से झांक कर देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। नमन चादर के सहारे पंखे से लटक रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजे के बगल में लगी खिड़की का शीशा तोड़ा और कुंडी खोलकर अंदर दाखिल हुई। फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
ये भी पढ़ें- इटावा महोत्सव : बी प्राक के गीतों पर झूमें युवा… SSP को खुद संभालना पड़ा मोर्चा, पुलिस का गुस्सा कुर्सियों पर उतारा
