कुआनो नदी में मिला होजरी कारोबारी का शव, जांच में जुटी पुलिस 

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

धनघटा/ संतकबीरनगर, अमृत विचार। महुली थानाक्षेत्र के मुखलिसपुर स्थित कुआनो नदी के बैराज के पास बुधवार की सुबह शौच करने गए ग्रामीणों ने देखा कि एक व्यक्ति की लाश बैराज के पास पड़ी हुई है। ग्रामीणों ने इस बात की सूचना अन्य लोगों को देने के अलावा महुली पुलिस को भी दे दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान महुली थानाक्षेत्र के ग्राम अम्मा देई निवासी कन्हैया मांझी पुत्र पल्लू मांझी के रूप में हुई है। 

ग्रामीणों के अनुसार पल्टू मांझी का लड़का कन्हैया मांझी होजरी का कारोबार करता था। ग्रामीणों में चर्चा है कि कारोबार में उधारी का लेनदेन ज्यादा हो जाने के कारण वह अक्सर परेशान रहता था। जिसके कारण उसने इस तरह का कदम उठाया होगा। मृतक की पत्नी अनीता के अनुसार मंगलवार की देर शाम सभी लोग खाना खाकर सोने चले गए। उसके पति रात में कब घर से निकले इस बात की जानकारी किसी को नहीं हुई। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया और लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है। कन्हैया के पास पत्नी अनीता के साथ-साथ चार बेटों में अर्जुन, भीम, सुनील, संदीप के साथ ही बेटी प्रियंका और प्रीति हैं। परिवार में वही इकलौता कमाने वाला व्यक्ति था। प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की सही जानकारी हो पाएगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें -प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम : व्यवस्था संभालने के लिए दूसरे जिलों से भी बुलाए गए अधिकारी, बांटे गए कार्यक्षेत्र

संबंधित समाचार