बरेली: प्रेमनगर में आगरा के जूता कारोबारी से पांच लाख की टप्पेबाजी, कार से तेल टपकना बताकर लिया झांसे में, फिर नकदी भरा बैग उड़ाया

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

बरेली, अमृत विचार : प्रेमनगर क्षेत्र में बकाया वसूली करने आए आगरा के जूता कारोबारी के साथ टप्पेबाजी की घटना हो गई। रास्ते में टप्पेबाजों ने उन्हें और ड्राइवर को बताया कि उनकी कार से तेल टपक रहा है। उनकी बातों में आकर दोनों नीचे उतरकर बोनट खोलकर देखने लगे। इस बीच टप्पेबाज कार में रखा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में पांच लाख रुपये थे। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखी और इलाके में तलाशी अभियान चलाया।

आगरा निवासी अशोक मिद्दा बड़े जूता व्यापारी हैं। उनकी फैक्ट्री से बने जूते शहर के कई जूता व्यापारियों के यहां आते हैं। बकाया वसूली और तकादे के लिए अशोक हर महीने बरेली आते हैं। अशोक के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह प्रेमनगर में धोबी चौराहा के पास कुमार फुटवियर पर पहुंचे।

वहां से नकदी और चेक लेकर कार में पीछे की सीट पर बैठे थे। जैसे ही आगरा निवासी ड्राइवर उमेश ने कार आगे बढ़ाई तो करीब 15 साल का लड़का उनके पास आया और कहा कि उनकी कार के रेडिएटर से तेल टपक रहा है। उसे नजरअंदाज कर ड्राइवर ने कार करीब दस कदम आगे बढ़ाई तो फिर एक युवक ने उन्हें कार रोकने का इशारा किया।

कहा कि तेल टपक रहा है। तब उन्हें लगा कि कुछ गड़बड़ है। इस पर अशोक और ड्राइवर दोनों ही उतरकर कार का बोनट देखने लगे। उस पर किसी ने तेल डाल रखा था। दोनों इसे देखने लगे कि इन्हीं में से एक लड़का कार की पिछली सीट पर रखा बैग लेकर फरार हो गया।

जब तक वह कुछ समझ पाते, लड़का आंखों से ओझल हो चुका था। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों की मदद से पुलिस को सूचना दी। प्रेमनगर इंस्पेक्टर आशुतोष रघुवंशी और सीओ प्रथम संदीप कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और व्यापारी से मामले की जानकारी ली।

सीसीटीवी फुटेज से काफी मदद मिली है। दो लड़कों के चेहरे काफी हद तक पहचान में आ रहे हैं। जल्दी ही इनका पता लगाकर घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।-संदीप कुमार सिंह, सीओ प्रथम

संबंधित समाचार