Kanpur Theft News: शहर में चोरों की धमाचौकड़ी, एक ही रात में तीन घरों को बनाया निशाना, पुलिस गश्त की खुली पोल
कानपुर में चोरों ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाया।
कानपुर में एक ही रात में चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया। चोरों की वारदातों से पुलिस गश्त की पोल खुल गई। पीड़ितों ने थाने पहुंचकर चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
कानपुर, अमृत विचार। शहर में चोरों की धमाचौकड़ी से लोग परेशान हैं। सर्दी बढ़ने के कारण घरों में दुबके लोगों का फायदा चोर उठा रहे हैं। आए दिन घटनाओं के कारण पुलिस की गश्त की पोल खुल रही है। माघ मेले और अयोध्या में डयूटी में पुलिसकर्मियों के जाने के कारण क्षेत्रों में पुलिस की चहलकदमी कम हो गई है। इसका फायदा सीधा चोर ले रहे हैं। पीड़ितों ने थाने पहुंचकर चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
पहली घटना: हरिद्वार गई महिला, चोरों ने पार की नकदी ज्वैलरी
रेलबाजार थानाक्षेत्र में इलाज के लिए हरिद्वार गई महिला के घर का ताला तोड़कर चार चोरों ने घटना को अंजाम दिया। पड़ोसी ने अंजान लोगों को देखा तो शक हुआ जिसके बाद पीड़िता को फोन पर सूचना दी गई। पीड़िता ने मामला दर्ज कराया है।
शांति नगर कैंट निवासी ईरा चटर्जी ने पुलिस को बताया कि वह विशाल महेश्वरी के घर में किराए पर रहती हैं। बताया कि किराएदारी में छह भाग हैं जिसमें चार भाग खाली और मकान मालिक के कब्जे में है। बताया कि प्रथम खंड के एक भाग में जो किरायेदार है। वह अपने बेटे के पास दिल्ली अपनी चिकित्सा के लिए गए हुए हैं। भूखंड के एक भाग में वह लोग रहते हैं।
बताया कि कोविड से संक्रमित होने के कारण उनका स्वास्थ्य खराब रहने लगा इस कारण उन्हें बार-बार चिकित्सा के लिए हरिद्वार जाना पड़ता है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह पिछले बीस दिनों से हरिद्वार में ही थीं और लौटने पर अपने एक परिवारिक मित्र के यहां रुक गईं।
बताया कि 19 जनवरी को दोपहर दो बजे मोहल्ले के एक निवासी का फोन आया जिसने चार अंजान व्यक्तियों को उनके घर का सामान ले जाने की बात कहते हुए पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह लोग भाग निकले। चोरी की जानकारी मिलते ही उनके होश उड़ गए। आनन-फानन मौके पर पहुंची। जहां देखा कि घर का सामान अस्त व्यस्त और क्षतिग्रस्त अवस्था में बिखरा पड़ा था और बहुत सा सामान गायब था।
बताया कि चोरों ने नकद रुपये, दो सोने की अंगूठियां, चेन, जैज ड्रम के सिम्बलस, बर्तन और कई जरूरी सामान शामिल था। इस संबंध में रेलबाजार थाना प्रभारी विजयदर्शन शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है।
दूसरी घटना: खुले पड़े घर में घुसकर जेवर नकदी भरा बैग पार
चमनगंज थानाक्षेत्र में एक महिला ने तीन बच्चों के साथ मिलकर खुले पड़े घर में घुसकर खूंटी में टंगा जेवर और नकदी से भरा बैग चोरी कर लिया। घटना के बाद आरोपियों की तस्वीरें सीसीटीवी में कैद हो गई। पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
दिवान हाउस के रहने वाले मोहम्मद जैद ने पुलिस को बताया कि 17 जनवरी को वह दोपहर एक बजे मदरसे पढ़ने के लिए गए थे। इस दौरान घर पर भाभी सय्यद अर्शीन मौजूद थीं। बताया कि इस दौरान घर में तीन बच्चे व एक महिला ने घर का गेट खुला देखा तो दरवाजे की खूंटी पर लटके बैग को चोरी कर लिया।
बैग में दो सोने के कंगन व एक सोने की चेन व 25,000 रुपये नगद रखे थे। चोरी की घटना को अंजाम देने में घर के बाहर लगे सीसीटीवी में महिला व तीन बच्चे कैद हो गए। इस संबंध में चमनगंज थानाध्यक्ष हमीद ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।
तीसरी घटना: दिनदहाड़े छत के रास्ते घुसकर ताला तोड़कर चोरी
फजलगंज थानाक्षेत्र में स्कूल से बच्चे को लेने गई महिला के घर में चोरों ने छत के रास्ते घुसकर दरवाजे का कुंडा तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। महिला जब घर पहुंची तो वहां अलमारी खुली पड़ी थी व सामान बिखरा पड़ा था। पीड़िता ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर मामला दर्ज कराया है। दर्शनपुरवा निवासी सुमन देवी ने पुलिस को बताया कि वह किराए के मकान में रहती हैं।
बताया कि 19 जनवरी को दोपहर बाद बच्चों को स्कूल से लेने के लिए घर पर ताला लगाकर गई हुई थीं। इसी बीच किसी ने छत के रास्ते से आकर घर का कुंडा तोड़कर घर में रखे 15,000 रुपये नगद और 50,000 रुपये की ज्वैलरी चोरी करके भाग निकले। इस संबंध में फजलगंज इंस्पेक्टर अमनरनाथ विश्वकर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- Ayodhya Ram Mandir: 10 दिन का पैदल सफर तय कर हसनैन पहुंचे अयोध्या धाम, बोले- हिंदू-मुस्लिम क्या, राम तो सबके है…
