पीलीभीत: अवध में राम आए हैं... भक्ति में डूबी तराई, गूंजे भजन और ढोल नगाड़ों पर थिरके कदम, जमकर आतिशबाजी
पीलीभीत, अमृत विचार: अयोध्या के भव्य श्री राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का दिन ऐतिहासिक बन उठा। सोमवार को सुबह से ही घर मंदिर, प्रतिष्ठान में राम भजन गूंजे। सड़कों पर जगह जगह प्रोजेक्टर की मदद से प्राण प्रतिष्ठा का लाइव प्रसारण दिखाया गया। रेलवे स्टेशन रोड, जेपी रोड समेत गई मार्गों पर युवा श्री राम के जयघोष लगाते रहे। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों पर जमकर डांस किया। आतिशबाजी की गई। पूरा जिला राममय दिखाई दिया। सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए।

कदम कदम पर भंडारे, ग्रहण किया प्रसाद
प्राण प्रतिष्ठा का दिन दिवाली से भी भव्य तरीके से मनता दिखा। सुबह से ही सड़कों पर कदम कदम पर भंडारे आयोजित किए जाने लगे। कही पूड़ी हलवा तो कहीं सब्जी पूड़ी प्रसाद में बांटी गई। प्रसाद ग्रहण करने को भारी भीड़ जुटी रही।
प्रोजेक्टर पर देख बने ऐतिहासिक पल के साक्षी
अयोध्या में चल रही प्राण प्रतिष्ठा को लेकर जगह जगह प्रोजेक्टर लगाए गए थे। यही से अयोध्या के भव्य पूजन को देख रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के साक्षी बने और वातावरण भक्तिमय बना रहा।
