Kannauj News: आंगनबाड़ी केन्द्र में पढ़ने गये मासूम की डूबने से मौत; परिजनों ने किया हंगामा...
कन्नौज में स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र में पढ़ने गये मासूम की डूबने से मौत हो गई।
कन्नौज में क्रिकेट खेलने गए बच्चों के साथ गया मासूम सड़क किनारे खाई में भरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने स्कूल परिसर में शव रखकर हंगामा काटा।
कन्नौज, तालग्राम, अमृत विचार। क्रिकेट खेलने गए बच्चों के साथ गया मासूम सड़क किनारे खाई में भरे पानी में डूब गया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने स्कूल परिसर में शव रखकर हंगामा काटा। तालग्राम के ग्राम महानगर कुड़रा निवासी अवधेश राजपूत ने बताया कि उसका पुत्र आयुष वर्मा (06) आंगनवाड़ी केन्द्र में पढ़ने जाता था।
सोमवार सुबह गांव के प्राथमिक विद्यालय परिसर में बच्चों के साथ क्रिकेट खेलने चला गया। खेलते समय वह सड़क किनारे खाई में भरे पानी में गिर गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसे निकालकर कस्बा के सीएचसी में भर्ती कराया। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि मृतक का छोटा भाई कार्तिक तीन वर्ष का है। पिता गुड़गांव में नौकरी करते हैं।
मां सुलोचना देवी छोटे पुत्र को लेकर 15 दिन पहले कानपुर देहात के थाना रसूलाबाद के ग्राम थानापुर्वा स्थित मायके गई हुई थी। बेटे की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और विद्यालय परिसर में शव रखकर हंगामा काटा। थाना प्रभारी देवेश कुमार ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। देर शाम तक पुलिस मृतक के माता पिता के आने का इंतजार करती रही।
