शाहजहांपुर: गोबर से बनी बिजली से रोशन होंगी जिले की दो गोशाला

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

पायलट प्रोजेक्ट के तहत सल्लिया और इंन्देपुर में लगाए गए गोबर गैस प्लांट

शाहजहांपुर, अमृत विचार। गोबर से गैस और गैस से बिजली बनाकर जिले की दो गोशालाओं को रोशन किया जाएगा। साथ ही आसपास के अन्य घर, स्कूल आदि को बिजली मिलेगी। इसके लिए पायलेट प्रोजेक्ट के तहत सल्लिया और इंदेपुर गोशाला में प्लांट लगाए गए हैं। जल्द ही इनसे उत्पादन शुरू होगा और गोशालाओं को बिजली का लाभ मिलेगा। 

स्वच्छ भारत मिशन के द्वितीय चरण में यह प्लांट लगाने का कार्य किया जाना है। प्रत्येक गोबर गैस व बिजली प्लांट का खर्च लगभग 24 लाख रुपये है। प्लांट के लिए बजट सरकार की ओर से जारी कर दिया गया है। पंचायतीराज विभाग की देखरेख में सल्लिया और इंदेपुर गांव में प्लांट लगाए भी जा चुके हैं। जल्द ही इनमें उत्पादन शुरू होने वाला है। इसका ट्रायल भी जल्द होगा। प्लांट में गोबर डाल कर पहले इससे गैस बनाई जाएगी और बाद में इसी गैस का उपयोग बिजली बनाने में किया जाएगा। इस तरह के प्लांट लगने से ग्रामीण अंचल में गोबर का सद्पयोग हो सकेगा। गोशालाओं के गोबर का भी सदपयोग करने का इससे अच्छा तरीका नहीं हो सकता है। 

प्लांट का शुभारंभ होने के साथ ही गांव की गोशाला, स्कूल भवन, पंचायत भवन, सामुदायिक शौचालय के साथ आस-पास के घर रोशन होना शुरू हो जाएंगे। स्वच्छ भारत मिशन के फेज दो के तहत पंचायतीराज विभाग ने गोबर से बिजली का उत्पादन करने वाले प्लांट की स्थापना का काम छह माह पूर्व शुरू किया था। उस प्लांट की स्थापना किए जाने का काम पिछले दिनों पूरा भी हो गया है। प्लांट में गोबर से गैस बनाने के साथ गैस से जेनरेटर को संचालित करने की प्रक्रिया को पूरा किया गया है। 

गोशालाओं में थी बिजली की किल्लत
अब तक देखने में आ रहा था कि गोशालाओं में बिजली की किल्लत थी। जिसके चलते पशुओं से लेकर पशु पालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। बिजली न होने की दशा में पंखा आदि न चलने के कारण पशु गर्मी में रहते थे। रात के समय अंधेरे में ही पशु पालकों को काम करना पड़ता था। अब बिजली बनने से गोशालाएं तो रोशन होंगी ही, साथ ही साथ आसपास के क्षेत्र के कुछ भवनों को बिजली मिल सकेगी।

गोशाला की आय बढ़ेगी
इससे पांच किलोवाट बिजली का उत्पादन करने की तैयारी है। यहां बनने वाली बिजली गोशाला परिसर, ग्राम पंचायत के स्कूल भवन, पंचायत सचिवालय के साथ सामुदायिक शौचालय सहित आसपास के घरों को रोशन करेगी। इसके साथ-साथ गांव में आयोजित होने वाले शादी विवाह कार्यक्रम के लिए बिजली की आपूर्ति करके ग्राम पंचायत की आमदनी में इजाफा कर सकते हैं। 

गोबर से बिजली बनाने के प्लांट की स्थापना किए जाने काम पूरा हो गया है। गोशाला में लगे प्लांट से गोशाला के साथ-साथ आस-पास के घर भी रोशन हो सकेंगे। -घनश्याम सागर, डीपीआरओ।

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: दिनदहाड़े हत्या के मामले में दो सगे भाइयों समेत पांच को उम्रकैद, जानिए पूरा मामला

संबंधित समाचार