Moradabad: अब बाहर का खानपान होगा महंगा...चाय और कॉफी तक तेवर दिखाने को तैयार

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। पश्चिम बंगाल में आखिरी चरण के मतदान बीतने के दो दिन बाद ही कामर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 993 रुपये बढ़ोत्तरी का चाबुक चला है। इसकी सीधी मार होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा संचालकों के साथ ही ग्राहकों पर पड़ना तय है। दाम बढ़ने के अगले ही दिन कारोबारियों के चेहरे पर तनाव बढ़ गया है। हालांकि इसकी जद में सड़क किनारे जलपान की दुकानें और ठेले पर फास्टफूड, चाय-समोसा और अल्पाहार बेचने भी आएंगे।

कामर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में 993 रुपये की बढ़ोत्तरी को होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा संचालक अप्रत्याशित और मनमाना बता रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार कारोबारियों के साथ ही ग्राहकों की कमर भी तोड़ना चाह रही है। जाहिर है कि इसकी भरपाई तो कारोबारी उनके प्रतिष्ठान पर आने वाले ग्राहकों से ही करेंगे। सरकारी तेल कंपनियों द्वारा कामर्शियल गैस सिलेंडर में की गई 993 रुपये की बढ़ोतरी के बाद कीमत अब 3,071.50 रुपये हो गया है। जो एक झटके में दो से तीन हजार को पार कर गया। वहीं पांच किलो छोटे गैस सिलेंडर पर भी 261 रुपये बढ़ाने से अब इसका रेट आठ सौ के पार हो गया।

एजेंसियों से गायब हुए छोटू सिलेंडर
सरकार और पेट्रोलियम कंपनियों द्वारा गैस एजेंसियों पर मिलने वाले पांच किलो के छोटू गैस सिलेंडर के दाम भी 261 रुपये बढ़ा दिए गए हैं। जिसके बाद इसकी कीमत 810.50 रुपये हो गया है। कीमतों में बढ़ोत्तरी के अगले दिन ही शनिवार को इसे खरीदने के लिए जब ग्राहक गैस एजेंसी के शोरूम पर पहुंचे तो अधिकांश ने छोटू सिलेंडर उपलब्ध न होने की बात बताई। कांठ रोड के समीप स्थित आशुतोष गैस एजेंसी पर छोटा गैस सिलेंडर उपलब्ध न होने की जानकारी वहां बैठे कर्मचारियों ने बताई। वहीं एक महिला द्वारा घरेलू गैस कनेक्शन पर डीबीसी सुविधा के लिए कहने पर टका सा जवाब दिया गया कि अभी डीबीसी पर रोक है, जब वितरण का आदेश मिलेगा तो दिया जाएगा।

जिले में कामर्शियल गैस कनेक्शनधारी 2168, नार्मल उपलब्धता का दावा
जिले में कामर्शियल गैस कनेक्शन के धारकों की संख्या 2168 है। उन्हें भी अमेरिका-ईरान युद्ध की मार के चलते आपूर्ति संकट झेलना पड़ रहा है। अभी आपूर्ति पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है, हालांकि विभाग का दावा है कि लगभग सामान्य उपलब्धता है। किसी विशेष अवसर के लिए अधिक सिलेंडर की जरूरत पर अधिकारियों से पूर्व अनुमति लेनी पड़ रही है।

बढ़ी कीमतों का बोझ ग्राहकों पर डालना मजबूरी
कांठ रोड पर एक नॉनवेज कॉर्नर संचालक से कामर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों के बारे में पूछने पर पहले तो चौंक गया। इसकी जानकारी देने पर दुकान में प्रयोग हो रहे कामर्शियल गैस सिलेंडरों को दिखाया। महंगाई की भरपाई कैसे होगी के सवाल पर कहा निश्चित रूप से सभी खाने की आइटम की कीमतें बढ़ानी पड़ेगी, न चाहते हुए भी ग्राहकों पर ही बोझ डालना पड़ेगा, अन्यथा घाटा होने पर कारोबार ही ठप हो जाएगा।

वहीं एक ठेले पर समोसा बेच रहे दुकानदार ने कहा कि कामर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने के चलते लगता है दुकान बंद करना पड़ेगा, क्योंकि छोटे दुकानदार के दाम बढ़ाने पर ग्राहक उनसे उलझने और लड़ने को तैयार हो जाते हैं। बड़े रेस्टोरेंट और होटल वालों से कोई नहीं लड़ेगा।

घरेलू गैस सिलेंडर व पेट्रोल की कीमतें भी बढ़नी संभावित
भले ही अभी घरेलू रसोई गैस सिलेंडर, पेट्रोल की कीमतें सरकार ने नहीं बढ़ाई है। लेकिन लोगों में इसके भी दाम बढ़ने की चर्चा है। आशियाना फेज एक निवासी एक सेवानिवृत्त अधिकारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में आज 15 बूथों पर पुनर्मतदान हो रहा है, शायद इसीलिए घरेलू गैस सिलेंडर, पेट्रोल की कीमतें राजनीतिक चतुराई के चलते न बढ़ी हो, लेकिन यह भी बढ़ेंगे तो कोई आश्चर्य नहीं होगा। क्योंकि इस सरकार में हर चीज की कीमतें आसमान छू रही हैं। आम आदमी तो महंगाई की मार झेलने के लिए लाचार है।

जिलापूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में कामर्शियल गैस सिलेंडर के कनेक्शन दो हजार से अधिक है। बीच में आपूर्ति प्रभावित हुई थी, लेकिन वर्तमान में स्थिति लगभग सामान्य है। शादी विवाह व अन्य मांगलिक कार्य में अधिक कामर्शियल गैस सिलेंडर की जरूरत के लिए कार्ड दिखाकर पूर्व अनुमति लेनी होगी। जिलाधिकारी के निर्देश पर वास्तविक जरूरतमंद परिवार में किसी विशेष आयोजन का कार्ड देखकर सीमित अनुमति दी जा रही है।  

 

संबंधित समाचार