मुरादाबाद : कोहरा सीजन से निरस्त ट्रेनों ने बाकी में बढ़ा दी भीड़, यात्रियों को परेशानी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। कोहरा सीजन के मद्देनजर निरस्त ट्रेनों के बहाल होने में अभी देरी है जबकि, मंडल मुख्यालय से होकर आने-जाने वाली ट्रेनों में इन दिनों भीड़ बढ़ गयी है। दैनिक यात्री तो मजबूर होकर दूसरे साधन का सहारा ले रहे हैं। शनिवार को कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के नहीं चलने का भी रेल सेवा पर व्यापक असर देखा गया। उत्तरांचल संपर्क क्रांति के दोनों फेरे निरस्त होने से यात्री परेशान हुए।

नई दिल्ली से चलने वाली काशी विश्वनाथ के निरस्त होने से मुख्य रूप से वाराणसी जाकर बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने वाले गुस्से में दिखे। निशा रानी, प्रयांशी और लाइनपार के जर्नादन को यात्रा निरस्त करनी पड़ी। जनसेवा एक्सप्रेस को रेल प्रबंधन ने निर्धारित रूट से डायवर्ट कर दिया है। सीतापुर- लखनऊ सेक्शन में रेल पटरी मरम्मत की वजह से जननायक एक्सप्रेस को बदले रूट से चलाया जा रहा है।

सूत्रों का कहना है कि अब लंबी दूरी की ट्रेनों की समयबद्धता में तेजी के साथ सुधार हुआ है। ऐसे में रूटीन में चलने वाली ट्रेनों में भीड़ बढ़ गयी है, जबकि कोहरा सीजन के चलते निरस्त की गयी ट्रेनें मार्च माह के पहले सप्ताह से चलाई जाएंगी।

बात अगर शनिवार की ही करें तो लालकुआं एक्सप्रेस, रामनगर लिंक, जनता एक्सप्रेस, बरेली- दिल्ली एक्सप्रेस और काठगोदाम- दिल्ली मेल को अचानक निरस्त कर दिया गया है। उधर, हावड़ा से देहरादून के बीच चलने वाली उपासना एक्सप्रेस के यात्रियों को नौ घंटे इंतजार करना पड़ा। अंत्योदय एक्सप्रेस की प्रतीक्षा में भारी संख्या में यात्री स्टेशन पर बैठे रहे। हिमगिरि, दून और श्रमजीवी एक्सप्रेस के यात्रियों ने रेल प्रबंधन से सेवा में रुकावट को लेकर सोशल मीडिया पर नाराजगी व्यक्त की है।

सीतापुर सेक्शन में ब्लॉक और डायवर्जन से रेल यात्री प्रभावित
मुरादाबाद। सीतापुर जंक्शन और सीतापुर सिटी स्टेशन के बीच रेल ब्लॉक का असर ट्रेनों के संचालन पर है।
बालामऊ- सीतापुर की स्पेशल ट्रेन (04353/54) और बालामऊ- सीतापुर सिटी के बीच चलने वाली (04321/22) 13 फरवरी को भी निरस्त है। अमृतसर से दरभंगा के बीच चलने वाली गाड़ी (15212) 12 फरवरी तक रोजा-लखनऊ- बाराबंकी-बुढवल के रास्ते चलेगी। गाड़ी संख्या (15211) 12 फरवरी तक बुढवल- बाराबंकी, लखनऊ- रोजा होकर चलेगी। अमृतसर- गोरखपुर को चलने वाली ट्रेन (22424) 11 फरवरी को रोजा- लखनऊ- बुढ़वल- बाराबंकी रूट से चलेगी। यहा ट्रेन 12 फरवरी को इसी रूट से वापसी करेगी। अमृतसर- सहरसा एक्सप्रेस (15532) 12 फरवरी को रोजा-लखनऊ-बाराबंकी- बुढ़वल से चलेगी।

12 फरवरी को रास्ते में 55 मिनट रोकी जाएगी ट्रेन
11 फरवरी को इस ट्रेन को बुढ़वल- बाराबंकी- लखनऊ- रोजा रूट से चलाया जाएगा। कानपुर सेंट्रल से सीतापुर सिटी के बीच चलने वाली (04328) 13 फरवरी को बालामऊ- सीतापुर के बीच निरस्त रहेगी। सीतापुर सिटी- कानपुर सेंट्रल स्टेशन के बीच ट्रेन संख्या (04327) 13 फरवरी तक निरस्त है। रक्सौल से आनंद विहार के बीच चलने वाली (15274) 12 फरवरी को रास्ते में 55 मिनट रोकी जाएगी। सहरसा- अमृतसर के बीच चलने वाली (15531) 11 फरवरी को रास्ते में 57 मिनट रोकी जाएगी। कामाख्या- वैष्णोदेवी एक्सप्रेस 11 फरवरी को कामाख्या स्टेशन से 210 मिनट बाद रवाना की जाएगी।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : वीरपुर बरियार में दो पक्षों में जानलेवा हमला, चार घायल... देखें मारपीट का वायरल VIDEO

 

संबंधित समाचार