Lawyers Association Elections: श्याम नारायण सिंह अध्यक्ष व अभिषेक बने महामंत्री...इनकों मिले इतने मत

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

कानपुर में श्याम नारायण सिंह अध्यक्ष व अभिषेक बने महामंत्री

कानपुर, अमृत विचार। लॉयर्स एसोसिएशन चुनाव में बुधवार रात अध्यक्ष और महामंत्री पद के नतीजे घोषित कर दिए गए। अध्यक्ष पद पर श्याम नारायण सिंह ने 1945 वोट पाकर एकतरफा जीत हासिल की। वहीं 2122 वोट पाकर महामंत्री पद का ताज अभिषेक तिवारी के सिर पर सजा।

दोनों नामों घोषणा के बाद कचहरी में अध्यक्ष व महामंत्री पदों के समर्थक झूम उठे। वरिष्ठ व कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद के वोटों की गिनती गुरुवार को सुबह 10 बजे से शुरू होगी।

लॉयर्स एसोसिएशन चुनाव के लिए 20 फरवरी को डीएवी डिग्री कॉलेज में मतदान हुए थे। गुरुवार को लॉयर्स एसोसिएशन परिसर स्थित पं. राम कुमार शुक्ल हॉल में सुबह 11 बजे से पुलिस की कड़ी सुरक्षा में मतगणना शुरू हुई। एल्डर्स कमेटी की निगरानी में 14 बैलट बॉक्सों से मतपत्रों अलग-अलग किया गया। इस कार्य को करने में शाम के चार बज गए।

इसके बाद रिटायर्ड सैन्यकर्मियों ने मतों की गिनती शुरू की। अध्यक्ष पद के छह दावेदारों में से श्याम नारायण सिंह ने एक बार बढ़त बनाई, जिसके बाद प्रतिद्वंदी उन्हें छू भी नहीं पाए। श्याम नारायण को 1945 व उनके निकटतम प्रतिद्वंदी अरविंद कुमार दीक्षित को 922 वोट मिले। जीत का अंतर 1023 का था।

वहीं महामंत्री पद के छह दावेदार मैदान में थे। शुरुआती दौर से ही अभिषेक तिवारी व राजीव यादव के बीच में प्रतिस्पर्धा थी। धीरे-धीरे बाकी चार प्रत्याशी मैदान से बाहर हो गए। अभिषेक तिवारी ने 622 मतो से राजीव यादव को पराजित किया। राजीव यादव को कुल 1500 मत मिले। मतगणना के दौरान अध्यक्ष पद पर 24 व महामंत्री पद पर 28 वोट अवैध पाए गए।  

अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों को मिले मत

-श्याम नारायण सिंह- 1945
-अरविंद कुमार दीक्षित- 922
-अनूप कुमार द्विवेदी- 811
-सुरेंद्र कुमार पांडेय- 489
-रमेश चंद्र वर्मा-460
-प्रवीन कुमार यादव- 289

महामंत्री पद के प्रत्याशियों को मिले मत

-अभिषेक तिवारी- 2122
-राजीव यादव- 1500
-सुनील कुमार पांडेय- 776
-अजय प्रकाश अग्निहोत्री- 204
-अतुल श्रीवास्तव- 162
-अखिलेश कुमार गुप्ता- 148

यह जीत सभी अधिवक्ताओं की जी है। कार्यकाल के दौरान बिल्हौर, घाटमपुर समेत ग्रामीण इलाकों के अधिवक्ताओं के विभिन्न मुद्दों पर संघर्ष किया जाएगा।- श्याम नारायण सिंह (अध्यक्ष)

वकीलों की लंबित मांगों के निस्तारण को सभी वरिष्ठजनों व साथियों को साथ में लेकर लड़ाई लड़ी जाएगी। वकीलों के हित में काम होंगे।-
अभिषेक तिवारी (महामंत्री)

ये भी पढ़ें- Bharat Jodo Nyay Yatra: युवाओं ने दिखाए वी वांट जॉब के पोस्टर... राहुल ने इशारों में किया आश्वसत, स्वागत में गूंजे ये मुद्दे

संबंधित समाचार