रामपुर : कांग्रेसियों को आस उन्हें मिल सकती है रामपुर लोकसभा सीट, चुनाव की तैयारी में जुटे

लोकसभा चुनाव की तैयारी में शिद्दत से जुटे हैं कांग्रेसी, यूपी में कांग्रेस लोकसभा की 17 और सपा के 62 सीटों पर चुनाव लड़ने का तैयार हुआ है मसौदा

रामपुर : कांग्रेसियों को आस उन्हें मिल सकती है रामपुर लोकसभा सीट, चुनाव की तैयारी में जुटे

सुहेल जैदी, अमृत विचार। इंडिया गठबंधन के घटक दल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच लोकसभा सीटों को लेकर मसौदा तैयार हो चुका है। लेकिन, रामपुर के कांग्रेसियों को लोकसभा सीट उन्हें मिलने की आस अधिक है। आजम खां के जेल में होने से सपा के चुनाव प्रचार को धार नहीं मिल रही है। इस बीच कांग्रेसी प्रचार में शिद्दत से जुटे हैं। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष के अनुसार, उन्हें उम्मीद है कि कांग्रेस की सीट बढ़ेंगी और रामपुर की लोकसभा सीट कांग्रेस को मिलेगी। सीट नहीं मिलने पर गठबंधन धर्म का पालन किया जाएगा।

रामपुर लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ने के लिए कांग्रेस से टिकट पाने के लिए 11 नेताओं ने दावेदारी पेश की है। लेकिन अभी रामपुर सीट कांग्रेस के खाते में नहीं आई है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बताते हैं कि उन्हें उम्मीद है कि हाईकमान रामपुर की अनदेखी नहीं करेगा। आजादी के बाद से रामपुर कांग्रेस का गढ़ रहा है। हालांकि, पूर्व मंत्री आजम खां के उरूज पाने के बाद नूरमहल कमजोर होता गया। बेगम नूरबानो ने वर्ष 1996 में लोकसभा चुनाव जीता था। इसके बाद वर्ष 1999 में वह फिर लोकसभा चुनाव जीती थीं। 2004 में सपा ने फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा को लोकसभा सीट से लड़ाया और उन्होंने बेगम नूरबानो को शिकस्त दी। 2019 में पूर्व मंत्री आजम खां ने लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। 

भरोसे मंद सूत्र बताते हैं कि सपा का यही तर्क है, वर्ष 2004 से जिले में सपा ने अच्छा प्रदर्शन किया है। जबकि, कांग्रेसियों का तर्क है कि सीतापुर जेल में आजम खां के होने से हालात बदल गए हैं। 2022 में हुए लोकसभा उप चुनाव में सपा प्रत्याशी को करारी शिकस्त मिली थी। सपा के जिलाध्यक्ष बताते हैं कि आजम खां ही रामपुर से लोकसभा प्रत्याशी के नाम का ऐलान करेंगे।


रामपुर की लोकसभा सीट सपा के खाते में आई है और सपा ने लोकसभा चुनाव के लिए पूरी तैयारी कर ली है। गांव-गांव पहुंचकर सपा ने काम किया है। इस लोकसभा सीट से प्रत्याशी कौन होगा, यह पूर्व मंत्री आजम खां ही तय करेंगे। -वीरेंद्र गोयल, जिलाध्यक्ष, सपा 

यह लोकसभा सीट कांग्रेस को मिल जाए, इसके लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है। उम्मीद है कि हाईकमान रामपुर के कांग्रेसियों की मांग को ध्यान में रखते हुए पुनर्विचार कर सकता है। यह सीट कांग्रेस के खाते में आ सकती है।-धर्मेंद्र देव गुप्ता, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस 

ये भी पढ़ें : रामपुर : भाजपा में लोकसभा चुनाव के लिए घनश्याम लोधी का कोई विकल्प नहीं