रामपुर : भाजपा में लोकसभा चुनाव के लिए घनश्याम लोधी का कोई विकल्प नहीं

सांसद के अलावा किसी और भाजपा के प्रत्याशी का नाम नहीं आ रहा सामने, संगठन की ओर से अभी दावेदारों की नहीं मांगी गई सूची

रामपुर : भाजपा में लोकसभा चुनाव के लिए घनश्याम लोधी का कोई विकल्प नहीं

दीपक सोलंकी/अमृत विचार। लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए मौजूद सांसद ही मुख्य दावेदार माने जा रहे हैं। अभी किसी ओर ने लोकसभा चुनाव लड़ने का दावा नहीं किया है। संगठन की ओर से भी सूची नहीं मांगी गई है। सूत्रों की माने तो इनका ही टिकट हो सकता है। हालांकि कुछ ओर भी भाजपा की ओर से दावेदार माने जा रहे हैं, लेकिन खुलकर अभी तक किसी ने अपना नाम नहीं दिया है।

लोकसभा चुनाव जल्द हो सकते हैं। हालांकि अभी आचार संहिता नहीं लगाई गई है। सपा द्वारा कुछ प्रत्याशियों के नाम घोषित का जुके हैं। कांग्रेस में काफी लोग टिकट के दावेदार बताए जा रहे हैं। रामपुर से सांसद घनश्याम सिंह लोधी ने 2022 में उपचुनाव में सपा के  नेता आसिम राजा को हराकर सीट पर कब्जा किया था। भाजपा की ओर से अभी किसी ने लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए दावेदारी नहीं जताई है। सांसद का ही सबसे ऊपर नाम चला रहा है। हालांकि अभी तक संगठन की ओर से रामपुर से प्रत्याशियों की सूची नहीं मांगी गई है। सांसद ने अपने कार्यकाल में काफी विकास कार्य कराए हैं।

दो बार विधानसभा परिषद जा चुके सांसद
सांसद घनश्याम सिंह लोधी दो बार विधान परिषद जा चुके हैं। सबसे पहले वह समाजवादी पार्टी के समर्थन से कल्याण सिंह की राष्ट्रीय क्रांति पार्टी के टिकट पर रामपुर-बरेली स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र से 2004 में एमएलसी बने थे। इसके बाद इसी क्षेत्र से 2016 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर एमएलसी बने। सपा में रहते हुए आजम खां ने उनका एमएलसी का टिकट रातों रात हेलीकाप्टर से मंगवाया था। इसके बाद वह पार्टी से चुनाव जीत गए थे।

कोई बाहरी चेहरा भी हो सकता शामिल
भाजपा की ओर से मौजूदा समय में सांसद का नाम ही सबसे ऊपर है। हालांकि अभी तक पार्टी ने किसी का नाम घोषित नहीं किया है। सूत्रों की माने तो कुछ बाहरी चेहरों को यहां लाने की तैयारी चल रही है। लेकिन अभी तक किसी का  नाम खुलकर सामने नहीं आया है।

अभी तक  संगठन की ओर से कोई सूची नहीं मांगी गई है। अभी किसी प्रत्याशी ने दावा भी नहीं जताया है। वर्तमान में जो हैं उनका ही नाम है। बाकी जो पार्टी के उच्च पदाधिकारी निर्णय करेंगे।- हंसराज पप्पू, जिलाध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी

ये भी पढ़ें : रामपुर : कांग्रेस से टिकट पाने में कौन किस पर पड़ेगा भारी, 11 ने पेश की दावेदारी