Kanpur: झकरकटी बस अड्डे पर लगी बड़ी स्क्रीन; बसों के आवागमन की स्थिति बताएगी, भटकने से बचेंगे यात्री
25 को पूरा हो जाएगा डाटा इंट्री का पूरा काम, मार्च में होगी सुविधा शुरू
कानपुर, अमृत विचार। झकरकटी बस अड्डे पर अब यात्रियों को बसों की जानकारी के लिए भटकना नहीं होगा। बसों की पूरी जानकारी यात्रियों को एक ही जगह मिल सकेगी। इसके लिए बस स्टेशन पर बड़ी स्क्रीन लगाई गई है। इस टाइम टेबल स्क्रीन में अब बसों की इंट्री का काम चल रहा है। माना जा रहा है कि 25 तक यह काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद मार्च से यात्रियों को इस स्क्रीन में बस अड्डे पर आने वाले यात्रियों को पूरी जानकारी मिल सकेगी।
झकरकटी में रोजाना 997 बसें रोजाना आती है। इनमें 89 एसी बसें व 108 अनुबंध के तहत चलने वाली बसें शामिल हैं। बस अड्डे का यात्री लोड रोजाना लगभग 36 हजार है। यह यात्री लोड पीक सीजन में लगभग 42 हजार तक हो जाता है। ऐसी स्थिति में बस अड्डे पर टाइम टेबल स्क्रीन के लगने से यात्रियों को बसों की जानकारी के लिए परेशान नहीं होना होगा। इस सुविधा के शुरू होने से यात्रियों को लगभग 15 मिनट पहले ही स्टेशन पर आने वाली बसों की लोकेशन मिलने लगेगी।
रेलवे प्लेटफॉर्म की तर्ज पर स्क्रीन से जुड़ा एनाउंस सिस्टम भी एक्टिव हो जाएगा। जो यात्रियों को यह बताएगा कि बस अड्डे पर बस उसे किस जगह पर मिल सकेगी। नई सुविधा शुरू होने पर आरएम रोडवेज अनिल कुमार ने बताया कि लंबे समय से बस अड्डे पर स्क्रीन लगाए जाने की सुविधा पर काम चल रहा था। स्क्रीन मार्च के पहले सप्ताह से यात्रियों को सुविधाएं देने लगेगी।
यात्री होते थे चुटहिल
पर्व के दौरान बस अड्डे पर यात्रियों की भीड़ के समय कई बार बसों की उचित जानकारी न होने पर यात्री चुटहिल भी हो चुके है। बसों के अचानक आने या फिर काफी देरी के बाद आने से बस पकड़ने के चक्कर में विवाद भी होता था। इसकी वजह बसों के बारे में उचित जानकारी न होना रही थी। स्क्रीन लगने के बाद रोडवेज प्रशासन का मानना है कि इससे इस तरह की समस्याओं से निजाद मिलेगी।
परीक्षार्थियों को भी सुविधा
शहर में बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं के संचालन के समय कर्मचारियों पर परीक्षार्थियों को जानकारी देने में परेशानी उठानी पड़ती थी। बार-बार एनाउंस होने के बाद भी कई बार विवाद जैसी स्थिति पैदा हो जाती थी। अब स्क्रीन होने से आसानी से युवाओं की भीड़ तक सूचनाएं पहुंचाई जा सकेंगी।
