बरेली: कोरोना काल में नौकरी आई द्वार, मंडल के 2220 युवाओं को मिला रोजगार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। कोरोना काल में जहां सार्वजनिक क्षेत्र में रोजगार का संकट बढ़ गया है, वहीं सेवायोजन कार्यालय बेरोजगार युवाओं का सहारा बना है। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय ऑनलाइन रोजगार मेले का आयोजन कर 2220 युवाओं को अब तक घर बैठे रोजगार मुहैया करा चुका है। नौकरी हासिल करने वाले सर्वाधिक युवा शाहजहांपुर जनपद के हैं …

बरेली,अमृत विचार। कोरोना काल में जहां सार्वजनिक क्षेत्र में रोजगार का संकट बढ़ गया है, वहीं सेवायोजन कार्यालय बेरोजगार युवाओं का सहारा बना है। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय ऑनलाइन रोजगार मेले का आयोजन कर 2220 युवाओं को अब तक घर बैठे रोजगार मुहैया करा चुका है।

नौकरी हासिल करने वाले सर्वाधिक युवा शाहजहांपुर जनपद के हैं जबकि पीलीभीत सबसे पिछड़ा साबित हुआ है। शाहजहांपुर के 1079 लोगों को नौकरी मिली। बदायूं 463 युवाओं के साथ दूसरे, बरेली 453 युवाओं के साथ तीसरे और 225 युवाओं के साथ पीलीभीत चौथे स्थान पर है।

अफसरों के मुताबिक, कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मार्च में लाकडाउन घोषित किया गया था, इसके बाद बड़ी संख्या में लोग बेरोजगार हो गए। उनके सामने रोजगार का संकट गहराता जा रहा था। इस बीच सरकार ने जून में अनलाक की घोषणा की तो क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय भी खुला।

विभागीय कर्मी बताते हैं कि कोरोना संक्रमण की बढ़ती संख्या के बीच विभाग पर मेले का आयोजन करना बड़ी चुनौती थी। लेकिन शासन के निर्देश के बाद से पहली बार ऑनलाइन मेले के आयोजन का खाका तैयार किया गया। शुरुआत में परिणाम ज्यादा बेहतर नहीं मिले, लेकिन प्रयास जारी रहा। इसके बाद रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है।

आनलाइन हुआ साक्षात्कार और मिल गया नियुक्ति पत्र
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से प्रतिभागी युवाओं की सुरक्षा के लिए पहले ऑफलाइन पंजीकरण की व्यवस्था को बंद कर दिया गया। केवल (Sewayojan.up.nic.in) विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा दी गई। रोजगार मेले में हिस्सा लेने वाले युवाओं को सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण कराने के साथ ही रोजगार मेले में शामिल होने वाली कई मल्टीनेशनल कंपनियों को जानकारी दी गई। इसके बाद दस्तावेजों का सत्यापन हुआ। फिर वीडियो कॉलिंग और टेलीफोनिक इंटरव्यू के माध्यम से युवाओं का साक्षात्कार लेने के बाद कंपनियों ने नियुक्ति पत्र प्रदान किया है।

“कोरोना काल में बरेली मंडल में 2220 लोगों को नौकरी दिलाई गई है। हमारी तरफ से ज्यादा से ज्यादा लोगों को नौकरी देने का प्रयास जारी है। ऑनलाइन रोजगार मेले के माध्यम से कंपनियों को बुलाया जा रहा है। जब तक कोरोना काल खत्म नहीं होता तब तक इसी तरह ऑनलाइन रोजगार मेले का आयोजन कर बेरोजगारों को रोजगार देने का प्रयास जारी रहेगा।” -त्रिभुवन सिंह, सहायक निदेशक, सेवायोजन बरेली मंडल

संबंधित समाचार