गोंडा: पेट्रोल पंप दिलाने का झांसा देकर शख्स से जालसाज ने ठगे 25 लाख रुपए, केस दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

धानेपुर, गोंडा, अमृत विचार। धानेपुर थाना क्षेत्र के रेतवागाड़ा गांव के रहने वाले एक शख्स से मध्य प्रदेश के रहने वाले जालसाजों ने पेट्रोल पंप का लाइसेंस दिलाने का झांसा देकर 25 लाख रुपये ऐंठ लिए। मामले में पीडित ने धानेपुर थाने में दो जालसाजों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी है। 

धानेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रेतवागाड़ा के रहने वाले दुष्यंत कुमार तिवारी ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर कहा कि मध्यप्रदेश के हौशंगाबाद जिले के रहने वाले दीपक पाठक ने इंडियन ऑयल कंपनी के किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप दिलाने का वादा किया था। उसने दीपक की बात पर भरोसा कर उसके बताए गए बैंक खाते में 25 लाख रुपये भेज दिए। 

कुछ दिन तक‌ टाल मटोल करने के बाद उसे ठगी किए जाने का एहसास हुआ। जब उसमे छानबीन की तो इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड का बैंक खाता फर्जी निकला। पीड़ित ने बताया कि जब उसने अपने पैसे की मांग की तो दीपक ने उसे 25 लाख रुपए का चेक दे दिया। लेकिन जब उसने चेक अपने बैंक खाता में जमा किया तो वह चेक बाउंस हो गया।  

पीड़ित ने बताया कि विपक्षी इंडियन ऑयल कंपनी का फर्जी व जाली एवं कूटरचित प्रपत्र देकर उन्हें फर्जी पर पत्रों के आधार पर विश्वास में लेते हुए और धोखाधड़ी जालसाजी व कूट रचना करके भारत सरकार के महत्वपूर्ण उपकरण इंडियन आयल कंपनी का किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप दिलाने के नाम पर 25 लाख रुपए ठग लिया।‌

मामले में एसपी विनीत जायसवाल ने धानेपुर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने का निर्देश दिया था‌। प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश शुक्ला ने बताया कि मध्य प्रदेश के जिला हौशंगाबाद के रहने वाले दीपक पाठक पुत्र बड़े लाल पाठक के विरुद्ध धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें; गोंडा: बरौली में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, 20 लाख रुपये की संपत्ति जलकर खाक, एक गोवंश की भी झुलसकर हुई मौत

संबंधित समाचार