रायबरेली: ईंट भट्ठे पर फंदे से लटकता मिला श्रमिक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
खीरों/रायबरेली, अमृत विचार। रविवार को लखनऊ जिले के गोसाईंगंज में स्थित एक ईंट भट्ठे पर संदिग्ध परिस्थितियों में खीरों क्षेत्र के गांव नुनैरा निवासी एक ईंट भट्ठा श्रमिक का शव फंदे से लटकता मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम और गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। स्थानीय पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज लखनऊ भेज दिया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि नुनैरा निवासी कृपा शंकर पासवान (38) पुत्र गंगाराम पासवान गोसाईंगंज के एक ईंट भट्ठे में मिस्त्री का कार्य करता था। वह आसपास के कई गांवों के अन्य श्रमिक भी साथ ले जाता था। उक्त ईंट भट्ठे पर श्रमिकों की आवश्यकता थी। ईंट भट्ठा मालिक ने कृपा शंकर पासवान से श्रमिकों की मांग की। वह कुछ श्रमिकों को ले गया।

लेकिन आवश्यकता के अनुरूप श्रमिक नहीं उपलब्ध करा सका। जिसके चलते ईंट भट्ठे के मालिक ने उसको शनिवार को धमकी देते हुए खरीखोटी सुनाई। इसके बाद रविवार को सुबह उसी ईंट भट्ठे पर फंदे से लटकता हुआ उसका शव मिला। साथी श्रमिकों ने घटना की सूचना परिजनों को दी।
परिजन तत्काल गोसाईंगंज के लिए रवाना हो गए। स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। इस हृदय विदारक घटना से मृतक की मां सियादुलारी, पिता गंगाराम पासवान, पत्नी साधना, बेटे अभिषेक, गोलू और बेटी अंजलि सहित सभी परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह भदौरिया ने बताया कि घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। स्थानीय पुलिस विधिक कार्यवाही कर रही है।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: सीएम योगी का डीपफेक वीडियो बनाने पर FIR,फेसबुक से मांगी जानकारी
