शाहजहांपुर: पवित्र माह रमजान का नजर आया चांद, पहला रोजा आज
मुस्लिमों ने दिनभर की खरीददारी, चांद देखकर बच्चे भी हुए उत्साहित
शाहजहांपुर, अमृत विचार। सोमवार का दिन मुस्लिम समाज के लिए खुशियां लेकर आया। शाम को मगरिब की नमाज के बाद जब रमजान मुबारक का चांद दिखा तो बच्चे, युवा और बुजुर्ग खुशी से झूम उठे। इसी के साथ मंगलवार से पवित्र माह रमजान शुरू होने की घोषणा कर दी गई। पहला रोजा मंगलवार को होगा।
पवित्र माह रमजान का चांद दिखने की पूरी उम्मीद मुस्लिम समाज को थी। इसीलिए दिन में लोगों ने बाजार में रोजा इफ्तारी के लिए सेवइयां, फल, ड्राई फ्रूट, खजूर, सूतफेनी आदि की खरीददारी करने शुरू कर दी थी। महिलाओं ने भी खूब खरीददारी की। बाजार में पूरे दिन खासी रौनक रही। सोमवार को मगरिब की नमाज के बाद लोग चांद देखने के लिए छतों पर और खुले स्थान पर पहुंचने शुरू हो गए थे। लोगों में चांद देखने की ललक और रमजान शुरू की खुशी साफ झलक रही थी। जैसे आसमान में चांद की झलक दिखाई पड़ी कि लोग एक-दूसरे के गले मिलकर रमजान की मुबारकबाद देने लगे। बच्चे भी खुशी से झूम उठे।
इसी के साथ मुस्लिमों ने नमाजे तरावीह की तैयारी भी शुरू कर दी। मस्जिदों में रौनक बढ़ गई। रात आठ बजे से मुस्लिमों ने इशा की नमाज़ के साथ तरावीह की 20 रकअत नमाज़ अदा की।

शहर इमाम मौलाना हुजूर अहमद मंजरी ने रमजान मुकद्दस का चांद होने की तस्दीक करते हुए जनपदवासियों को रमजान की मुबारकबाद दी है। उन्होंने कहा कि रमजान सब्र और इबादत का महीना है। इस महीने में खूब दिल से इबादत करें। कुरआन की तिलावत कर आपसी भाईचारा और खुशहाली के लिए दुआएं करें।
मुकद्दस रमजान
पहला रोजा सहरी- मंगलवार सुबह 5.00 बजे
पहला रोजा इफ्तार- मंगलवार शाम 6.21 बजे
नोट- सहरी और इफ्तारी के समय में क्षेत्रवार परिवर्तन हो सकता है।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: गोकशी की सूचना पर पहुंची पुलिस, पशुओं के अवशेष बरामद
