शाहजहांपुर: भगवान बुद्ध और आंबेडकर की प्रतिमा लगाने पर गांव में तनाव, भारी पुलिस फोर्स तैनात
रौसरकोठी, अमृत विचार: बाडीगांव में ग्राम समाज की भूमि पर आंबेडकरऔर भगवान बुद्ध की मूर्तियां स्थापना करने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। जिसके चलते गांव भर में तनाव फैल गया। सूचना पाकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकिारी मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों को समझाया। एक पक्ष का आरोप था कि मूर्तियों को बिना अनुमति के स्थापित किया गया। जबकि दूसरा पक्ष मूर्तियों की स्थापना को लेकर अड़ा रहा।
प्रशासन ने मूर्तियों को हटवा दिया। निर्देश दिए कि अनुमति मिलने के बाद ही मूर्तियां लगेंगी। दोनों पक्ष इस बात पर राजी हो गए। इसके बाद भी तनाव की स्थिति है। गांव में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। चुनावी और त्योहारी माहौल में पुलिस और प्रशासन कोई रिस्क नहीं लेना चाहता है। इसलिए विशेष सर्तकता बरती जा रही है।
रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र के गांव बाड़ीगांव में रविवार की रात में एक पक्ष के लोगों ने ग्राम समाज की जमीन पर आंबेडकर और भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित कर दी थी। मंगलवार को सुबह दस बजे दूसरा पक्ष दूसरे पक्ष के लोगों ने भगवान बुद्ध एवं आंबेडकर की प्रतिमा को लगा देखा तो इस पर आपत्ति जतायी। उनका आरोप था कि बिना अनुमति के मुर्तियां को स्थापित कर दिया गया है।
देखते-देखते दोनों पक्ष एकत्रित हो गए और आमने-सामने आ गए। एक पक्ष का कहना था कि बिना अनुमति के मूर्तियां स्थापित की गई, इनको हटाया जाए। जबकि दूसरा पक्ष का कहना था कि दोनों मूर्तियां नहीं हटेगी। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और तनाव जैसी स्थिति उतपन्न हो गई। सूचना पर थाना प्रभारी चंद्रप्रकाश शुक्ला फोर्स के साथ बाडीगांव में पहुंच गए।
इसी दौरान कोतवाली का फोर्स भी पहुंच गया। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्ष अपनी-अपनी बातों पर अड़े हुए थे। उन्होंने अधिकारियों को सूचना दी। नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार, एसडीएम सदर ज्ञानेंद्र नाथ, सीओ सिटी वीएसवीर कुमार सिंह भी गांव में पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बात की। वार्ता के बाद दोनों पक्षों में अनुमति के बाद मूर्तियां स्थापित किए जाने की सहमति बन गयी। अनुमति के बाद ही पुन: स्थापित किए जाने के निर्देश दिए गए है। प्रभारी निरीक्षक सीपी शुक्ला ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
दोनों पक्षों में चल रहा है विवाद
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों पक्षों में मूर्तियों को लेकर विवाद चल रहा है। एक पक्ष ग्राम समाज की जमीन पर मूर्ति रखना चाहता है जबकि दूसरा इसका विरोध करता है। कुछ लोग जगह को सार्वजिक उपयोग की बताते हुए यहां पर अन्य धार्मिक आयोजन करना चाहते हैं। जबकि कुछ लोग मूर्ति की स्थापना करना चाहते हैं।
दोनों पक्षों में इसको लेकर बीते दिनों कई बार वार्ता हुई, लेकिन हल नहीं निकला। आए दिन दोनों पक्ष अपने अपने हिसाब से जमीन का उपयोग बताते रहते हैं। कई बार पहले भी हल्का-फुल्का विवाद हो चुका है। यही नहीं कई बार गांव के लोग एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए शिकायत भी कर चुके हैं।
अभी पूरी तरह से हल नहीं निकला
गांव के कुछ लोगों ने बताया कि पुलिस और प्रशासन से वार्ता के बाद भले ही दोनों पक्षों के लोग मान गए हों, लेकिन अभी तक समस्या का पूरी तरह से हल नहीं निकला है। गांव के कुछ लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन ने मूर्ति स्थापना को मंजूरी दी तो एक पक्ष के लोग सहमत नहीं होंगे और अगर नहीं दी तो दूसरे पक्ष के लोग सहमत नहीं होंगे। प्रशासन को कोई बीच का रास्ता निकालना होगा। तभी इस विवाद का अंत होगा।
चुनावी और त्योहारी माहौल में ठीक नहीं तनाव
जिले में चुनावी और त्योहारी माहौल चल रहा है। लोक सभा, ददरौल विधान सभा उप चुनाव का माहौल देखा जा रहा है। इसी तरह होली और ईद का माहौल देखा जा रहा है। ऐसे में पुलिस और प्रशासन का प्रयास है कि कहीं भी तनाव जैसी स्थिति न रहे। अधिकारियों ने बताया कि चुनाव और त्योहार से पहले सभी समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जा रहा है। बाडीगांव की समस्या का समाधान हो चुका है।
मूर्तियां स्थापित करने को लेकर दो पक्षों में असहमति हो गई थी। दोनों पक्षों से वार्ता की गई। अनुमति के बाद ही मूर्तियां स्थापित किए जाने की सहमति बनी है। अब कोई विवाद नहीं है--- ज्ञानेंद्र नाथ, एसडीएम सदर।
बाड़ी गांव में मूर्तियां स्थापित करने को लेकर दो पक्ष अपनी-अपनी बात पर अड़े हुए थे। दोनों पक्षों से वार्ता के बाद मामले को सुलझा दिया गया है। अनुमति के बाद ही मूर्तियां स्थापित होगी। गांव शान्ति एवं सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है--- संजय कुमार, एएसपी सिटी।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: पवित्र माह रमजान का नजर आया चांद, पहला रोजा आज
