Prayagraj news: अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरी बाइक, वृद्धा की मौत
नैनी/ प्रयागराज, अमृत विचार। औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत सड़वा मोड़ के समीप मंगलवार सुबह एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इससे बाइक सवार व उसके साथ बैठी एक वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के लिए पहले तो पास के एक निजी अस्पताल में ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद वृद्धा को शहर स्थित एक हॉस्पिटल ले गए। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जाता है कि वृद्धा मेजा क्षेत्र की रहने वाली थी। अपने नाती के साथ कहीं जा रही थी। इस संबंध में औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी महेश मिश्रा ने बताया कि उन्होंने क्षेत्र में कई स्थानों पर पता कराया, लेकिन हादसे की जानकारी नही मिली। न ही किसी ने लिखित या मौखिक शिकायत की है।
गेस्ट हाउस में सुरक्षागार्ड की बंदूक से चली गोली, एक घायल
नैनी कोतवाली क्षेत्र के अशोक टॉकीज चौराहे के समीप स्थित एक गेस्ट हाउस में वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा गार्ड की बंदूक से अचानक गोली चल गई। गोली का छर्रा लगने से एक युवक घायल हो गया। मामले में पुलिस से कोई शिकायत नही की गई है।
जानकारी के मुताबिक नैनी क्षेत्र स्थित अरैल मोड़ के समीप रहने वाले एक परिवार का वैवाहिक कार्यक्रम अशोक टाकीज चौराहा के पास एक गेस्ट हाउस में चल रहा था। उसी दौरान गेस्ट हाउस में मौजूद सुरक्षाकर्मी का पैर फिसल गया और उसकी बंदूक से गलती से गोली चल गई। जिसमें चाका निवासी एक युवक के पैर में गोली का छर्रा लग गया। समारोह में मौजूद लोगों ने फौरन युवक को इलाज के लिए पास स्थित हॉस्पिटल में ले गए। मामले में पुलिस का कहना है कि उन्हें सूचना पर फोर्स भेजी गई थी। कोई शिकायत या तहरीर नही मिली है।
ये भी पढ़ें -लखनऊ: अधिवक्ता की पत्नी ने 11वीं मंजिल से लगाई छलांग, बीमारी से हो चुकी थी परेशान
