मथुरा: बरसाना में 20 कुंतल लड्डू से खेली गई लड्डू मार होली, भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

श्रीजी के आंगन में खूब उड़ा अबीर- गुलाल, लड्डू मार होली देखने उमड़े 5 लाख श्रद्धालु

बरसाना/मथुरा। कान्हा नगरी मथुरा में लठामार होली से पूर्व रविवार को बरसाना के श्री लाडली जी मंदिर में लड्डू मार होली हुई, जबकि सोमवार को लठमार होली मनाई जाएगी, जिसके लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। लड्डू होली के दौरान अबीर-गुलाल के उड़ते बादलों से अंबर रंगीन हो गया। लाडली जी के महल में लड्डुओं की बरसात हुई। नंदगांव के पांडा के नृत्य को देख श्रद्धालु भाव विभोर हो उठे। उधर, समाज गायन की चौपाई के साथ राधे- राधे के जयघोष से लाडली मंदिर भी गूंज उठा। 

ce6da5bf-319e-4e0a-88f0-3e9dd8655b02

सुरक्षा के किए गए कड़े इंतजाम
वहीं, मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि बरसाना को छह जोन, 15 सेक्टरों में बांटकर चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि बम निरोधक दस्ता, अग्निशमन दस्ता, श्वान दस्ता व सादी वर्दी में खुफिया पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इतना ही नहीं 78 स्थानों पर अवरोधक लगाकर सभी वाहनों को 45 पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जा रहा है। 

अधिकारी ने बताया कि मेला क्षेत्र में 150 सीसीटीवी और सात 'वॉच टावर' स्थापित कर पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी की व्यवस्था की गयी है। उन्होंने बताया कि मेले की सुरक्षा के लिए छह अधीक्षक, 15 उपाधीक्षक, 60 निरीक्षक, 300 उप निरीक्षक, 500 होमगार्ड, 36 महिला उप निरीक्षक, 150 महिला आरक्षी, चार यातायात निरीक्षक, 50 यातायात उपनिरीक्षक, 150 यातायात आरक्षी, पांच कंपनी पीएसी, 10 गुंडा दमन दल, चार दमकलें, छह घुड़सवार, और अलग-अलग जगह पर सादे कपड़ों में पुलिस के जवान व सामाजिक संगठनों की टीमें लगाई गई हैं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण के आंगन में रंगारंग होली व लठामार होली का आयोजन 20 मार्च को केशव वाटिका में किया जाएगा।

26970c87-bd1e-45a3-b7b1-e15d755a2da7

लड्डू होली का आनंद लेने देश- दुनिया से श्रद्धालु पहुंचे बरसाना 
राधा- कृष्ण के दिव्य प्रेम की लड्डू होली का आनंद लेने के लिए देश- दुनिया से श्रद्धालु बरसाना पहुंचे। शाम को जैसे ही पांच बजे लाडली जी मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। वृषभानु नंदिनी भी शीश महल में विराजमान होकर भक्तों पर लड्डुओं की बरसात के साथ कृपा का सागर उड़ेल रहीं थीं। पूरा मंदिर परिसर अबीर- गुलाल की बरसात से अट गया। अबीर- गुलाल में सराबोर श्रद्धालु मस्ती के साथ नाच रहे थे। गोस्वामी समाज ने समाज गायन किया। नंदगांव से आए पाड़ा का पुजारी ने भानु बाबा की ओर से स्वागत किया। पाड़ा ने हर्ष से नृत्य किया। पुजारी और श्रद्धालुओं ने लड्डुओं को दर्शकों के बीच लुटाया। लोग प्रसाद रूपी लड्डुओं को पाने के लिए लालायित दिखे।

310a6781-5c9d-4c19-9d9d-8642bc7f37dc

2000 किलो मंगाए गए थे लड्डू 
मंदिर में करीब सवा घंटे तक चली इस लड्डू होली के दौरान टनों लड्डू लुटाए गए। दिल्ली निवासी सुलेखा ने बताया कि जैसा हमने लड्डू होली के बारे में सुना था। उससे अधिक रस देखने को मिला। बरसाना के श्रीजी मंदिर में लड्डू मार होली के लिए 2000 किलो लड्डू मंगाए गए थे। मंदिर की अटारी (छत) से शाम होते ही लड्डू लुटाए गए। लड्डू लूटने के लिए श्रद्धालु नीचे आंगन में बड़ी संख्या में जमा थे। उनके बीच लड्डू लूटने की होड़ देखने को मिली। एक तरफ मंदिर में रंग गुलाल उड़ाए जा रहे थे। दूसरी तरफ, मंदिर के पुजारी भजन गा रहे थे। पूरा परिसर 'जय राधे जय कृष्णा' के भजन से गूंज उठा। हर कोई आज भक्ति में सराबोर दिखाई दिया।

104bf4c0-8c4d-42ed-8512-b10c6d0ae3bd

लड्डू मार होली को देखने के लिए करीब पांच लाख भक्त बरसाना पहुंचे। इसके कारण बरसाना की ओर जाने वाले हर रास्तों पर लंबा जाम लग गया। जाम को खुलवाने के लिए पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। बरसाना में लड्डू होली और लट्ठमार होली के लिए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे बरसाना को पांच जोन में विभाजित किया गया है। सुरक्षा के लिए 2500 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

लट्ठमार होली मेला की सुरक्षा व्यवस्था में एडिशनल एसपी पांच, क्षेत्राधिकारी 15, इंस्पेक्टर 60, महिला सब इंस्पेक्टर 40, सब इंस्पेक्टर 300, महिला सिपाही 100, सिपाही 1200, होमगार्ड 500, साथ ही 5 कंपनी पीएसी की भी तैनाती की गई। पुलिस प्रशासन के उच्चाधिकारी भी लड्डू होली की सुरक्षा व्यवस्था में देर शाम तक डटे रहे।

लठामार रंगीली होली के लिए राधा रानी की ओर से कान्हा के लिए आमंत्रण लेकर राधा सखी व गोपाल सखी गई। वृंदावन के गोपाल घाट पर रहने वाली राधा सखी पिछले 13 वर्ष से इस कार्य को करती चली आ रही है। राधा सखी को यह कार्य अपनी गुरु श्यामा दासी से उत्तराधिकार में मिला है। राधा सखी व गोपाल सखी इस कार्य को कर खुद को भाग्यशाली मानती है।

यूपी ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से बरसाना के राधा बिहारी इंटर कॉलेज प्रांगण में सजाए गये भव्य मंच पर होली के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रारंभ हुए। यह शुभारंभ आगरा के मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने दीप प्रज्वलन कर किया। रंगोत्सव 2024 के मुख्य मंच पर गीतांजलि ग्रुप ने ब्रज की प्रसिद्ध एवं पारंपरिक लठामार, कुर्ता फाड़ व लड्डू मार होली का रंगारंग कार्यक्रम पेश किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह, एसएसपी शैलेष पांडेय, उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ एसबी सिंह, डिप्टी सीईओ जेपी पाण्डेय, मथुरा- वृंदावन विकास प्राधिकरण के सचिव व ओएसडी समेत अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें- मथुरा में नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में दोषियों को आजीवन कारावास की सजा 

संबंधित समाचार