गोंडा: निलंबन रद्द, मनकापुर के बीईओ बने ध्रुव कुमार जायसवाल, घोटाला उजागर करने पर हुए थे साजिश के शिकार
गोंडा, अमृत विचार। बेलसर ब्लॉक के परिषदीय स्कूलों में हुए घोटालों को उजागर करने पर निलंबित किए गए खंड शिक्षा अधिकारी ध्रुव जायसवाल का निलंबन हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया है। निलंबन रद्द होने के बाद अब उन्हे मनकापुर ब्लाक का खंड शिक्षा अधिकारी बनाया गया है।
बेलसर ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी रहे ध्रुव कुमार जायसवाल ने ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय डरौलीडीहा पंडितपुरवा में 3.42 लाख रुपये का घोटाला पकड़ा था और इसकी रिपोर्ट बीएसए समेत विभाग के उच्च अधिकारियों को भेज दी थी।
वह ब्लॉक के स्कूलों का ताबड़तोड़ निरीक्षण भी कर रहे थे जिससे स्कूल न जाने वाले शिक्षकों में खलबली मची थी। बीईओ को ब्लॉक से हटाने के लिए लगातार साजिश रची जा रही थी। नेतागिरी करने वाले कुछ शिक्षकों ने बीईओ पर उगाही का आरोप लगाकर शासन में शिकायत भेजी थी।
इस साजिश में बीईओ को 11 जनवरी को निलंबित तो कर दिया गया लेकिन अफसर निलंबन आदेश सार्वजनिक करने की हिम्मत नहीं जुटा सके और आदेश को दबाए बैठे रहे। जैसे ही आदेश सार्वजनिक हुआ बीएसए ने तत्काल बीईओ को जेडी कार्यालय के लिए कार्यमुक्त कर दिया।
लेकिन बाद में जब डीजी स्कूल शिक्षा के आदेश पर तीन सदस्यीय कमेटी ने बीईओ पर लगाए गए आरोपों की जांच कराई तो सभी आरोप फर्जी पाए गए थे। डायट प्राचार्य की जांच रिपोर्ट भी द्वेषपूर्ण पायी गयी थी। इस पूरी कार्रवाई के खिलाफ बीईओ ध्रुव जायसवाल ने हाईकोर्ट मे अपील की थी। तथ्यों का परिशीलन करने के बाद हाईकोर्ट ने बीईओ का निलंबन रद्द कर दिया है। निलंबन रद्द होने पर ध्रुव जायसवाल को मनकापुर का खंड शिक्षा अधिकारी बनाया गया है।
बीईओ मुख्यालय बनी गीतांजलि
गैर जनपद से आईं खंड शिक्षा अधिकारी गीतांजलि को बीईओ मुख्यालय बनाया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रेमचंद यादव ने बताया कि दोनों अधिकारियों ने अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
यह भी पढ़ें;-हरदोई: डीसीएम की टक्कर से तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत
