बरेली: मौलाना तौकीर रजा के घर पर नोटिस चस्पा, कोर्ट दो बार जारी कर चुका है गैर जमानती वारंट
फाइल फोटो
बरेली, अमृत विचार। 2010 दंगों के आरोपी आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान के मकान पर आज पुलिस ने नोटिस चस्पा किया है, जिसमें मौलाना को 19 मार्च यानी मंगलवार को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया है। बता दें, मौलाना के भूमिगत होने के बाद से पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। लेकिन मौलाना तौकीर रजा का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है।
दरअसल, शहर में 2010 दंगा केस की 5 मार्च को सुनवाई के दौरान स्पेशल जज फास्ट ट्रैक कोर्ट ने विवेचक इंस्पेक्टर सुभाषचंद्र यादव की गवाही के बाद तौकीर रजा खान को मुख्य अभियुक्त करार दिया था। जबकि इससे पहले पुलिस मौलाना तौकीर का नाम अपनी चार्जशीट से निकाल चुकी थी। इस दौरान कोर्ट ने तौकीर रजा को नोटिस जारी करते हुए 11 मार्च को पेश होने का आदेश दिया था।
वहीं कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस पहले 6 मार्च और फिर 7 मार्च को समन देने तौकीर रजा के घर पहुंची, लेकिन मौलाना के परिवार वालों ने उनके दिल्ली में होने की बात कहकर समन लेने से इनकार कर दिया। वहीं 7 मार्च को भी तौकीर रजा के घर नहीं होने का पुलिस ने दावा किया था, साथ ही 8 मार्च को समन उनके घर पर चस्पा करने की बात कही थी। लेकिन पुलिस ने समन चस्पा नहीं किया।
इस बीच 11 मार्च को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने प्रेमनगर थाना प्रभारी निरीक्षक के समन तामील नहीं कराने पर नाराजगी जताते हुए एसएसपी को विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके अलावा कोर्ट में पेश न होने पर मौलाना तौकीर रजा के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। साथ ही मौलाना तौकीर को गिरफ्तार कर 13 मार्च को कोर्ट में पेश करने का सीओ फर्स्ट को आदेश दिया था।
लेकिन पुलिस मौलाना तौकीर को गिरफ्तार नहीं कर सकी। इसके बाद 13 मार्च को सुनवाई करते हुए स्पेशल जज फास्ट ट्रैक कोर्ट रवि कुमार दिवाकर ने दोबारा मौलाना तौकीर को गैर जमानती वारंट जारी किया था। इसके साथ ही मौलाना तौकीर रजा खान को गिरफ्तार कर 19 मार्च को कोर्ट में पेश करने के लिए एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान को आदेश दिया था। लेकिन अभी तक मौलाना को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
ऐसे में कोर्ट में सुनवाई से एक दिन पहले आज सीओ फर्स्ट पंकज श्रीवास्तव, प्रेमनगर थाना प्रभारी आशुतोष रघुवंशी, कोतवाली थाना प्रभारी दिनेश कुमार शर्मा और बिहारीपुर चौकी पुलिस ने स्पेशल जज फास्ट ट्रैक कोर्ट से दूसरी बार जारी हुए गैर जमानती वारंट को मौलाना तौकीर रज़ा खान के घर पर चस्पा किया है।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: ऑपरेशन के दौरान छात्र की हुई मौत, परिवार ने लगाया अस्पताल पर ऑर्गन निकालने का आरोप
