कासगंज में 1460 स्थानों पर होगा होलिका दहन, सुरक्षा को लेकर पांच जोन और 40 सेक्टर में बांटा जिला
कासगंज, अमृत विचार: जिले में होलिकोत्सव मनाने के लिए अभी से लोग उत्साहित दिखाई दे रहे हैं। तैयारियां जोरों पर हैं। इधर, होली का पर्व को सौहार्द के साथ मनाने की अपील पुलिस प्रशासन द्वारा की जा रही है। जिले में सभी होलिका दहन स्थलों पर पुलिस का पहरा लगेगा। पुलिस के रिकार्ड के अनुसार 1460 स्थानों पर जिले भर में होलिका दहन होगा।
जिले में शहर से गांवों तक होली पर्व को लेकर रंगत बढ़ती जा रही है। पर्व को लेकर लोगों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। जहां शास्त्रों के अनुसार होली पूजन छह मार्च और धुलिंद्री सात मार्च की बताई जा रही है तो वहीं लोगों में यह भी चर्चा है कि होली पूजन सात मार्च और धुलिंद्री आठ मार्च को होगा। तिथि को लेकर भले ही असमंजस हो, लेकिन जिला प्रशासन ने पूरी तैयारियां की है।
होली पर शांति व्यवस्था बनी रहे इसके लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां की हैं। गांव गांव पुलिस की टीमें पहुंच रही हैं और जिन लोगों से शांति भंग का खतरा है उन्हें मुचलकों पर पाबंद कर रही हैं। वहीं एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने अर्द्धसैनिक बल के जवानों के साथ पैदल मार्च कर व्यवस्थाएं देखीद्ध
जिले में लागू होगी सेक्टर जोनल व्यवस्था
होली पर्व पर सेक्टर और जोनल व्यवस्था भी प्रभावी रहेगी। कल से सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट पुलिस महकमे के सक्रिय हो जाएंगे और अपने अपने जोन एवं सेक्टर में नजर बनाए रखेंगे और यह व्यवस्था धुलिंद्री तक लागू रहेगी।
आंकड़े की नजर से-
- 3000 आरक्षी और होमगार्ड की लगाई गई ड्यूटी।
- 1460 होलिका दहन स्थलों पर तैनात रहेगा पुलिस बल।
- 150 उपिनरीक्षक व 20 इंस्पेक्टर देखेंगे सुरक्षा व्यवस्था।
जिले भर में होलिका दहन पर शांति व्यवस्था बनाए रखने की तैयारी कर ली गई है। अवैध और मिश्रित शराब के विरुद्ध अभियान शुरू किया गया है। कहीं भी अवैध शराब की जानकारी मिलेगी तो कार्रवाई होगी। जोनल, सेक्टर व्यवस्था प्रभावी की जा रही है। जिले के पांच जोन और 40 सेक्टरों में बांटा गया है---अपर्णा रजत कौशिक, एसपी।
यह भी पढ़ें- कासगंज: दीवार के विवाद में दो पक्षों में संघर्ष, गोली लगने से एक घायल
