Kanpur: लेदर क्लस्टर के लिए भूमि पर कब्जा देगा प्रशासन...रजिस्ट्री वाले भूखंडों का हो रहा दाखिल खारिज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में लेदर क्लस्टर के लिए भूमि पर कब्जा देगा प्रशासन

कानपुर, अमृत विचार। मेगा लेदर क्लस्टर डेवलपमेंट यूपी लिमिटेड ने मेगा लेदर क्लस्टर की स्थापना के लिए प्रशासन से अविलंब 35 हेक्टेयर भूमि पर भौतिक कब्जा देने के लिए आग्रह किया है ताकि वहां पर विकास कार्य के साथ ही वाणिज्य मंत्रालय से वित्तीय अनुदान लेने के लिए प्रक्रिया को पूरा किया जा सके।

कंपनी के निदेशक ने डीएम को भेजे पत्र में कहा है कि भूमि का मालिकाना हक राजस्व अभिलेखों में भले ही बाद में कंपनी के नाम किया जाए फिलहाल उन्हें कब्जा दे दिया जाए ताकि उन्हें मंत्रालय में प्रक्रिया पूरी करने में देरी न हो। 

कंपनी के नाम ग्राम समाज की 42.02 हेक्टेयर भूमि आठ साल पहले ही कर दी गई थी। 22 हेक्टेयर भूमि कंपनी ने किसानों से खरीद लिया था। 35.238 हेक्टेयर भूमि ग्राम समाज की सुरक्षित श्रेणी की है जिसके बदले में कंपनी ने सपई, मनोह समेत तीन गांवों में उतनी ही मालिकियत की भूमि प्रशासन को उपलब्ध करा दी है।

भूमि प्रशासन के नाम रजिस्ट्री हो चुकी है अब दाखिल खारिज के लिए तहसीलदार न्यायालय में जरूरी प्रक्रिया की जा रही है। कंपनी वैसे तो चुनाव से पहले ही भूमि अपने नाम कराना चाहती थी लेकिन आचार संहिता लग जाने के कारण यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई।

अब कंपनी के निदेशक अशरफ रिजवान ने डीएम राकेश सिंह को लिखे पत्र में कहा है कि राजस्व अभिलेखों में भले ही कंपनी के नाम ग्राम समाज की सुरक्षित श्रेणी की भूमि आचार संहिता खत्म होने के बाद की जाए लेकिन भौतिक कब्जा दे दिया जाए ताकि कंपनी मंत्रालय और शासन में जरूरी प्रक्रिया को पूरी करके अनुदान की स्वीकृति करा सके। 

बता दें कि 125 करोड़ वाणिज्य मंत्रालय जलापूर्ति, सीवेज, ड्रेनेज, हार्टीकल्चर, सड़क, चहारदीवारी, स्ट्रीट लाइट, इंटरनल वाटर सप्लाई, इंटरनल स्ट्रोम वाटर ड्रेनेज, आईटी एंड टेली कम्यूनिकेशन, प्रशासनिक भवन, डिजाइन लैब, टेस्टिंग लैब, वैल्यू एडीशन सेंटर, हॉस्टल आदि के निर्माण पर आवंटित होना है तो नमामि गंगे मिशन से 200 करोड़ रुपये कामन इफ्लूएंट ट्रीटमेंट प्लांट के लिए मिलना है। 50 करोड़ रुपये कामन फैसिलिटी सेंटर के लिए राज्य सरकार से मिलना है। 

भूमि पर कब्जा देने के लिए प्रशासन से आग्रह किया है। अब मंडलायुक्त स्तर से कंपनी के नाम ग्राम समाज की भूमि की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। इसमें देरी लग सकती है। इसलिए भौतिक कब्जा लेकर जरूरी प्रक्रिया पूरी कराने की कोशिश कर रहे हैं।– अशरफ रिजवान, निदेशक मेगा लेदर क्लस्टर डेवलपमेंट यूपी लि.।

 

संबंधित समाचार