संभल : जुमा अलविदा पर कड़े सुरक्षा प्रबंध, पुलिस प्रशासन की हर तरफ निगरानी
.संभल जिले की मस्जिदों में आज नमाज अदा करेंगे मुस्लिम समुदाय के लोग, अतिरिक्त पुलिस बल की हुई तैनाती
संभल,अमृत विचार। संभल जिले में जुमा अलविदा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मस्जिदों के अलावा अन्य प्वाइंटों पर पुलिस की तैनाती की गई है तो मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी भी लगा दी गई है। संभल में भी चौकसी और निगरानी के कड़े प्रबंध किए गए हैं। वहीं मुस्लिम समुदाय के लोगों में जुमा अलविदा पर नमाज अदा करने को लेकर उत्साह है।
रमजान महीने में आज शुक्रवार को जुमा अलविदा पर मुस्लिम समुदाय के लोग बड़ी संख्या में मस्जिदों में पहुंचकर नमाज अदा करेंगे। जिसे लेकर लोगों ने तैयारी कर ली है। वहीं सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा इंतजामों को लेकर खाका तैयार कर लिया गया है। शहर से लेकर देहात तक मस्जिदों के आसपास भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है तो दूसरे प्वाइंटों पर भी पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा मजिस्ट्रेटों को अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात करते हुए शांति एवं सद्भाव के साथ जुमा अलविदा की नमाज संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम संभल विनय कुमार मिश्रा ने संभल तहसील क्षेत्र को 16 सेक्टरों में बांटते हुए अधिकारियों की मजिस्ट्रियल ड्यूटी लगाई है तो यहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है। सुरक्षा का खाका ऐसा है कि चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल मुस्तैद है। पुलिस प्रशासनिक अधिकारी भी भ्रमण करते हुए गतिविधियों पर नजर रखकर जुमा अलविदा की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न कराएंगे। संभल के अलावा सिरसी, सरायतरीन, हयातनगर, असमोली, पंवासा, सौंधन, बहजोई, धनारी, गुन्नौर, बबराला, जुनावई, रजपुरा और गवां क्षेत्र में भी जुमा अलविदा को लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।
ये भी पढ़ें : संभल: अंतरकलह का शिकार होकर कंफ्यूज पार्टी बन गई है सपा- भूपेंद्र सिंह
