9 अप्रैल का इतिहास: आज ही के दिन अन्ना हजारे ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपना अनशन किया समाप्त, जानें प्रमुख घटनाएं

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

नई दिल्ली। आज के दिन का राजधानी में हुए एक चर्चित अनशन से गहरा नाता है, जिसने दिल्ली की सियासत की हवा ही बदल दी। सामाजिक कार्यकर्ता और देश में भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन की अलख जगाने वाले अन्ना हजारे ने 2011 में दिल्ली के रामलीला मैदान में धुआंधार तरीके से अनशन किया और 9 अप्रैल को अपने इस अनशन का समापन किया। 

उनके इस भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन का महत्व इसलिए भी अधिक है क्योंकि कभी उनके सहयोगी रहे अरविंद केजरीवाल के दिल्ली के तख्तो ताज तक पहुंचने का रास्ता इसी आंदोलन से निकला था। यह दिन दुनिया की एक और बड़ी घटना का भी गवाह है। वर्ष 2003 का वह मंजर बहुत से लोगों को याद होगा, जब इराक के तानाशाह शासक सद्दाम हुसैन के शासन का अंत हुआ था और लोगों ने बगदाद के फिरदौस चौराहे पर लगी सद्दाम की मूर्ति को गिरा डाला था। इतिहास में वह घटना भी नौ अप्रैल की तारीख में दर्ज है। 

देश दुनिया के इतिहास में नौ अप्रैल की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है- 1669 : मुगल बादशाह औरंगजेब ने सभी हिन्दू स्कूलों और मंदिरों को ध्वस्त करने का आदेश दिया। 1860 : पहली बार मनुष्य की आवाज रिकार्ड की गई । 1965 : कच्छ के रण में भारत पाक में युद्ध छिड़ा। 1988 : अमेरिका ने पनामा पर आर्थिक प्रतिबंध लगाये।

 2001 : अमेरिकी एयरलाइंस ने ट्रांस वर्ल्ड एयरलाइंस का औपचारिक रूप से अधिग्रहण किया और वह उस समय दुनिया की सबसे बड़ी एयरलाइन बन गई। 2002 : बहरीन में निगम चुनाव में महिलाओं को हिस्सा लेने की अनुमति मिली। 2003 : इराक को सद्दाम की तानाशाही से मुक्ति मिली। 2005 : प्रिंस चार्ल्स ने कैमिला से विवाह किया। 

2010 : श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के यूनाइटेड पीपुल्स फ्रीडम एलायंस ने 225 सीटों वाली संसद में 117 सीटें जीतीं। 2011 : सरकार द्वारा लोकपाल कानून बनाने की मांग मान लेने के बाद अन्ना हजारे ने 95 घंटे से जारी अपना आमरण अनशन समाप्त कर दिया। 2020 : देश में कोरोना वायरस से 169 लोगों की मौत, संक्रमितों की संख्या 5,865 पर पहुंची। पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 591 मामले सामने आए और 20 लोगों की मौत हुई । 

ये भी पढे़ं- 8 अप्रैल का इतिहास: आज ही के दिन आजादी की लौ जलाने वाले मंगल पांडे को दी गई फांसी, जानें प्रमुख घटनाएं