अयोध्या: फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव, पति से हुआ था विवाद

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार। थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत परमानन्दपुर मजरे चकमोदितपुर निवासी 32 वर्षीय विवाहिता का शव उसके घर के भोजनालय में साड़ी के फंदे के सहारे लटका मिला है। विवाहिता का अपने पति से वाद-विवाद हुआ था। पुलिस ने रविवार को छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है।  

बताया गया कि ग्राम परमानंदपुर टोला चकमोदितपुर निवासी 32 वर्षीय मंजू पांडेय अपने 9 वर्षीयऔर 7 वर्षीय दो बच्चों के साथ गांव में रहती थी। उसका पति राजेश पाण्डेय दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है और दो दिन पूर्व दिल्ली से अपने घर आया था।

शनिवार की शाम वह कहीं दोस्तों के साथ पार्टी में गया था। रात्रि लगभग 10 बजे वह वापस घर लौटा तो किसी बात को लेकर पत्नी से कहासुनी हुई। जिसके बाद राजेश जाकर घर के बाहर लेट गया और किसी से फोन पर बात करने लगा। कुछ देर बाद वह वापस घर में आया तो देखा कि पत्नी मंजू रसोई में बड़ेर के सहारे साड़ी के फंदे से लटकी हुई है। रविवार की सुबह ग्राम प्रधान हृदय राम शर्मा ने मामले की जानकारी पुलिस को दी तो पुलिस ने मौके पर पहुंच पड़ताल की तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 
 
थाना प्रभारी ओपी राय ने बताया कि मायके पक्ष को मौके पर बुलाया गया। मृतका का विवाह लगभग 10 वर्ष पूर्व हुआ था। प्राथमिक जाँच में पति से विवाद के बाद आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। अभी मामले में पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है।

 

ये भी पढ़े :जानिए इस गर्मी में कौन सा पानी युक्त भोजन रखेगा आपको हाइड्रेटेड और फिट

संबंधित समाचार