बदायूं: आंगन में सो रहा था परिवार, दीवार काटकर हजारों की चोरी
विजय नगला, अमृत विचार: एक परिवार ज्यादा गर्मी की वजह से घर केआंगन में सो रहा था। चोरों ने मकान की दीवार काटी और भीतर घुस आए। कमरे में आभूषण और नगदी रखा बक्सा लेकर भाग गए। मकान के मालिक ने पुलिस को तहरीर देकर खुलासे की मांग की है।
थाना बिनावर क्षेत्र के गांव अंबियापुर के मजरा इस्यतगंज गौटिया निवासी बृजपाल पुत्र जागन सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार की रात वह अपने घर के पास चौपाल पर सो रहे थे। जबकि उनके परिवार के सदस्य ज्यादा गर्मी की वजह से घर के आंगन में चारपाई डालकर सोए थे। रात में चोरों ने ट्रांसफार्मर से पूरे गांव की बिजली काटकर अंधेरा कर दिया।
चोरों ने उनके मकान के पिछले हिस्से की दीवार तोड़ दी और घर में घुस आए। कमरे में घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और 20 हजार रुपये रखा बक्सा और दो कट्टे गेहूं चोरी करके ले गए। उन्होंने बताया कि बक्से में उनकी पुत्रवधु के चांदी के बिछुआ, पांच जेवरी, सोने की एक चेन, कड़ियां व झुमके, हाथों के चांदी के फूल और रुपये रखे थे।
शनिवार सुबह परिजनों जागने पर कमरे का दरवाजा खोलकर देखा तो पीछे से रोशनी दिखी। कमरे का सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने शोर किया। ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंची। ग्रामीणों से पूछताछ करके जांच शुरू की है।
यह भी पढ़ें- बदायूं: SBI के ATM में लगी आग, 12 लाख रुपये जलकर राख
