प्रयागराज: अफजाल अंसारी की अपील पर अगली सुनवाई 20 मई को सुनिश्चित, पढ़िए क्या है पूरा मामला
प्रयागराज, अमृत विचार। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सांसद अफजाल अंसारी को फिलहाल कोई राहत न देते हुए गाजीपुर की एमपी/एमएलए स्पेशल कोर्ट द्वारा सुनाई गई चार साल की सजा के खिलाफ दाखिल उनकी अपील पर करीब दो घंटे की सुनवाई के बाद अगली तारीख 20 मई को सुनिश्चित की है। न्यायमूर्ति संजय कुमार सिंह की एकलपीठ के समक्ष सुबह 10 बजे से लगभग 3 घंटे तक चली सुनवाई के दौरान अफजाल अंसारी के अधिवक्ता ने अपना पक्ष रखा।
गौरतलब है कि गाजीपुर में भाजपा विधायक कृष्णानंद राय की हत्या मामले में अंसारी बंधुओं के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मामला दर्ज किया गया था, जिस पर गाजीपुर की एमपी/एमएलए कोर्ट ने सजा सुनाई है। कृष्णानंद राय के पुत्र पीयूष राय ने अंसारी की सजा बढ़ाने की अपील की है। राज्य सरकार की तरफ से भी ऐसे ही आग्रह के साथ एक और अपील दाखिल की गई है। कोर्ट इन सभी मुकदमों में एक साथ सुनवाई कर रही है। सुप्रीम कोर्ट ने अंसारी की सजा स्थगित करते हुए हाईकोर्ट को उनकी अपील पर 30 जून 2024 तक निर्णय लेने का निर्देश दिया था। कोर्ट ने इससे पहले जमानत तो दे दी थी, लेकिन सजा पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था।
दूसरी ओर कोर्ट की लगातार बढ़ती तारीखों के साथ अफजाल अंसारी के चुनाव लड़ने पर आशंकाओं के बादल मंडराने लगे हैं। हालांकि उन्होंने 13 मई को समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के तौर पर गाजीपुर से नामांकन किया है। उनके साथ उनकी बेटी नुसरत अंसारी ने भी नामांकन पत्र भरा है। गाजीपुर में नामांकन की अंतिम तारीख कल यानी 14 मई है।
