लखनऊ: अफसर पत्नी पति को छोड़ रिश्तेदार के साथ गई यूएसए, पीड़ित ने दर्ज कराई रिपोर्ट

लखनऊ, अमृत विचार। गोमतीनगर क्षेत्र में रहने वाली बैंक अधिकारी महिला अपने पति की बहन के पति के साथ यूएसए चली गई। महिला शादी के बाद से ही पति पर अपने माता-पिता से अलग रहने व विदेश चलने का दबाव बना रही थी। पति राजी नहीं हुआ तो अलग रहने लगी थी। इस बीच चुपके से विदेश चली गई। दो वर्ष बाद भी उसका सुराग नहीं लगा। पीड़ित के मुताबिक उसकी पत्नी को ले जाने वाला आरोपी छत्तीसगढ़ की एचआईजी कंपनी में सीनियर आफिसर है।
थाना क्षेत्र निवासी पीड़ित पति ने पुलिस को प्रार्थना-पत्र दिया। बताया उनकी शादी 30 अप्रैल 2017 को एक बैंक अफसर महिला से हुई थी। शादी के 5 माह बाद पत्नी का तबादला गुरुग्राम हो गया। जहां वह भी पत्नी के साथ रहने लगे। मार्च 2018 से पत्नी बिना बात के झगड़ा करने लगी और मेरे माता-पिता से अलग होकर विदेश में रहने का दबाव बनाने लगी। बात नहीं मानने पर 23 नवंबर 2019 से पत्नी गहने समेत अन्य कीमती सामान लेकर अलग रहने लगी।
इस बीच पति को पता चला कि पत्नी की नजदीकी भार्गवेन्द्र त्रिपाठी जो की एचआईजी कंपनी छत्तीसगढ़ में सीनियर अफसर हैं, के साथ है। सितंबर 2021 में पता चला की पत्नी आरोपी भागवेंद्र त्रिपाठी के साथ यूएसए भाग गई है। पीड़ित ने बताया कि पत्नी को भगा कर ले जाने वाला आरोपी उसकी बहन का पति है। बहन ने आरोपी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था। जो अदालत में चल रहा है।
पीड़ित का कहना है कि पत्नी दो वर्ष से लापता है। उसने बैंक में भी इस संबंध में कोई सूचना नहीं दी है। बैंक की तरफ से उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है। पत्नी को झांसे में लेकर भगाने में भागवेंद्र व उसके परिवार के सदस्यों की भूमिका है। आरोपी जानमाल की धमकी दे रहे हैं। उसने पत्नी के नाम से फर्जी पासपोर्ट बनवाने का भी आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर दीपक कुमार पांडेय ने बताया मामले में भागवेंद्र त्रिपाठी, रामबहादुर त्रिपाठी, उनकी मां, बहनोई अनूप मिश्र समेत अन्य के नाम रिपोर्ट दर्ज की है। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।