प्रयागराज की जनसभा में बोले पीएम मोदी, 2024 का चुनाव तय करेगा किधर बहेगी भारत के भविष्य की त्रिवेणी
प्रयागराज, अमृत विचार। पांचवें चरण की वोटिंग के बाद लोकसभा चुनाव का प्रचार लगातार जारी है। भाजपा प्रत्याशियों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ताबड़तोड़ जनसभाएं कर रहे हैं। मंगलवार को पीएम मोदी प्रयागराज पहुंचे जहाँ उन्होंने एक बड़ी जनसभा को सम्बोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव तय करेगा कि भारत के भविष्य की त्रिवेणी किस तरफ बहेगी।
नरेंद्र मोदी ने विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा-कांग्रेस और इंडी गठबंधन वालों को भारत की तारीफ हजम नहीं होती। पीएम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के शहजादे भारत को गाली देने के लिए विदेश जाते हैं। ये गठबंधन वाले चुनाव भी किस एजेंडा पर लड़ रहे हैं, इनका एजेंडा है-कश्मीर में आर्टिकल-370 फिर से लाएंगे, सीएएए को रद्द करेंगे, भ्रष्टाचार पर जो कड़े कानून बने हैं, उन्हें रद्द करेंगे। प्रधानमंत्री ने जनता से विपक्ष के क्रियाकलापों पर ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि देश तोड़ने वाले और उसे विकसित करने वालों में से आपको चुनाव करना है।

पीएम मोदी ने कहा कि मेरा मूल मन्त्र है विकास भी विरासत भी। उन्होंने कहा कि अभी अयोध्या में भव्य राम मंदिर बना है, अब निषादराज के श्रृंगवेरपुर का विकास किया भी जाएगा। श्रृंगवेरपुर राम वन गमन पथ का प्रमुख तीर्थ बनेगा। उन्होंने जनता के सामने सवाल उठाया कि क्या सपा-कांग्रेस वाले कभी भी ये काम करेंगे? उन्होंने कहा कि सपा-कांग्रेस के शहजादों को अपने परिवार के आगे कुछ भी नहीं दिखता है।
नए भारत की हो रही पहचान
पीएम मोदी ने कहा कि अब नए भारत की पहचान हो रही है। भारत की पहचान अब एक्सप्रेस से होती है, इंफ्रास्ट्रक्चर से होती है। भारत की टेक्नोलॉजी को अन्य देश भी मांग रहे है। भारत जी- 20 का आयोजन करता है, तो पूरी दुनिया हैरान हो जाती है। प्रयागराज के लोग ना किसी से डर के रहे हैं, ना दबके रहे हैं।

दोनों प्रत्याशियों के लिए किया वोट की अपील
पीएम मोदी ने प्रयागराज के पूर्व राज्यपाल स्व. केशरी नाथ त्रिपाठी के इलाहाबाद प्रत्याशी बेटे नीरज त्रिपाठी और फूलपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रवीण पटेल के लिए वोट और उन्हें जिताने का प्रयागराज की जनता से अपील किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, नंद गोपाल गुप्ता, अभिलाषा गुप्ता, केसरी देवी यूपी, रीता जोशी, सिद्धार्थ नाथ सिंह, महापौर गणेश केसरवानी, सुरेंद्र चौधरी सहित तमाम भाजपा के कई दिग्गज नेता मंच पर मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -'बाबासाहब आंबेडकर नहीं होते तो नेहरूजी एससी-एसटी को आरक्षण नहीं मिलने देते', मोतिहारी में बोले पीएम मोदी
