Unnao News: जिले को बाढ़ की विभीषिका से बचाने के लिये प्रशासन ने कसी कमर...जिला प्रशासन तैनात करेगा 276 नावें

जिले को बाढ़ की विभीषिका से बचाने के लिये प्रशासन ने कसी कमर

Unnao News: जिले को बाढ़ की विभीषिका से बचाने के लिये प्रशासन ने कसी कमर...जिला प्रशासन तैनात करेगा 276 नावें

उन्नाव, अमृत विचार। मानसून आने से पहले ही उन्नाव डीएम गौरांग राठी राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारी पूरी करना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने विभागाध्यक्षों व एसडीएम के साथ विकास भवन सभागार में बैठक की। इस दौरान उन्होंने गंगा व सई नदी में बाढ़ आने पर एहतियातन पहले से सभी प्रबंध रखने के निर्देश दिए। 

बता दें कि बांगरमऊ, सफीपुर, सदर व बीघापुर तहसील क्षेत्र गंगा नदी के तटवर्ती क्षेत्र हैं। जबकि, हसनगंज व पुरवा तहसील क्षेत्र से होकर सई नदी बहती है। डीएम ने बाढ़ को लेकर संवेदनशील माने जाने वाले जिले की सभी बाढ़ चौकियों को समय पर सक्रिय किए जाने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि स्थानीय स्तर पर मल्लाहों (नाव चालकों) व उपलब्ध नावों की सूची तैयार कर ली जाए। जिससे बाढ़ आने पर जरूरत के अनुसार नाविकों सहित नावों को उपयोग में लाया जा सके।

कहा कि भौगोलिक स्थिति, बाढ़ चेतावनी, जिले के बाढ़ स्तर, पिछले 20 वर्षों में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए तैयारियां की जाएं। साथ ही अनुश्रवण हेतु स्टीयरिंग ग्रुप सृजित किए जाएं। बाढ़ नियंत्रण कक्ष, बाढ़ केंद्र व उप केंद्रों के माध्यम से बाढ़ संबंधी सूचनाएं संकल्ति करने पर विस्तार से चर्चा की। डीएम ने कहा कि सरकार की प्राथमिकताओं के आधार पर बाढ़ पूर्व तैयारियां की जानी चाहिए, जिससे प्रभावित इलाकों में कोई सरकारी राहत सहायता व बचाव कार्यों से वंचित न रहे।

साथ ही बाढ़ की भयावहता समाप्त होने पर किए जाने वाले प्रबंधन की रूपरेखा भी तैयार रहनी चाहिए। उन्होंने सिंचाई, लघु सिंचाई, नगर विकास, खाद्य एवं रसद विभाग, पंचायतीराज, ग्राम विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, कृषि एवं उद्यान विभाग, पशुधन विभाग, ऊर्जा विभाग पुलिस अधिकारियों को समय पर बाढ़ राहत संबंधी योजना तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे जरूरी संशोधन कराए जा सकें।

पिछले वर्षों आई बाढ़ के आधार पर सदर तहसील में 185, सफीपुर में 27, बीघापुर में 21 व बांगरमऊ में 43 नाविकों को नावों सहित सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल प्लावित क्षेत्र में पानी की निकासी व तटवर्ती भूमि सहित सड़कों की कटान रोकने के उपायों की भी समीक्षा की। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व नरेंद्र सिंह, डीडीओ संजय पांडेय, डीडी कृषि प्रसार मुकुल तिवारी, सीवीओ डा. शिवमूर्ति प्रसाद, डीएसओ राज बहादुर सिंह, अधिशाषी अभियंता शारदा नहर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। 

कटान रोकने पर रहेगा प्रशासन का जोर 

डीएम ने बांगरमऊ व सफीपुर क्षेत्र के एसडीएम से गंगा के जल स्तर के सापेक्ष प्रभावित होने वाले क्षत्रों की सूची उपलब्ध कराने का कहा। कहा बाढ़ क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवा व खाद्य सामग्री तत्काल पहुंचाने को प्रबंध होने चाहिए। उन्होंने गंगा नदी के तटवर्ती नया पुरवा, हिंदूपुरवा, दबौली बाजार, शुक्लागंज व गढे़वा गांवों में बाढ़ से होने वाली कटान रोकने के प्रभावी उपायों के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें- Unnao News: आंखों में कंजक्टिवाइटिस के मरीजों की पीएचसी में लगी लाइन...सरकारी अस्पतालों में मरीजों की भीड़