बरेली: बकरीद आज, मस्जिदों में नमाज की तैयारियां पूरी...गुलजार रहे बकरों के बाजार

बाकरगंज ईदगाह में अदा की जाएगी बकरीद की मुख्य नमाज

बरेली: बकरीद आज, मस्जिदों में नमाज की तैयारियां पूरी...गुलजार रहे बकरों के बाजार

बरेली, अमृत विचार। हजरत इब्राहिम की याद में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार आज शहर भर में मनाया जाएगा। इसको लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बाकरगंज स्थित ईदगाह में मुख्य नमाज अदा की जाएगी। मस्जिदों में नमाज अदा करने के बाद घर-घर कुर्बानी का सिलसिला शुरू होगा, जो बुधवार तक जारी रहेगा। रविवार को देर रात तक शहर भर में बकरों के बाजार गुलजार रहे। इस दौरान बाजारों में कपड़ों की भी खूब खरीददारी की गई।

दरगाह आला हजरत के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि ईद-उल-अजहा की मुख्य नमाज बाकरगंज की ईदगाह में सुबह 10 बजे अदा की जाएगी। सबसे पहले बाजार संदल खान स्थित दरगाह वली मियां में सुबह 5 बजकर 40 पर और किला की शाही जामा मस्जिद में सुबह 9 बजे नमाज अदा होगी। मलूकपुर की नूरी रजा तंबाकू वाली मस्जिद में दो शिफ्टों में नमाज अदा कराने की व्यवस्था इंतजामिया कमेटी ने की है। पहली शिफ्ट सुबह 6 बजे और दूसरी शिफ्ट सुबह 7 बजे होगी। सबसे आखिर में दरगाह आला हजरत की रजा मस्जिद में सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर नमाज अदा होगी।

रविवार देर रात सैलानी, मीरा की पैठ, कुतुबखाना, शहदाना आदि इलाकों में बकरों की खूब खरीदारी हुई। तोतापुरी, बरबरी, अलवरी, बर्रा आदि नस्लों के बकरों की डिमांड बाजार में ज्यादा दिखाई दी। इसके अलावा कुतुबखाना, कुमार टॉकीज, बड़ा बाजार आदि इलाकों में लोग कपड़ों की खरीदारी भी करते दिखे।

ये भी पढे़ं- बरेली: प्रेम विवाह के चार साल बाद युवती को दहेज के लिए प्रताड़ित कर घर से निकाला, रिपोर्ट दर्ज