बहराइच: युवक ने खेत में लगा लिया फंदा, जांच में जुटी पुलिस
सीओ ने मौके की जांच कर शव पोस्टमार्टम को भेजवाया
बहराइच, अमृत विचार। जिले के बिराहिमडीहा गांव निवासी एक युवक ने गन्ने के खेत में फंदा लगाकर जान दे दी। जानकारी मिलने पर सीओ के साथ थानाध्यक्ष पहुंचे। जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फखरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिराहिमडीहा निवासी नानबाबू यादव (22) पुत्र राजेश यादव का शव गांव में स्थित गन्ने के खेत में फंदे से लटकता मिला।

शव मिलने की सूचना मिलने पर मां और बहन रोते बिलखते खेत पहुंची। घर के पीछे स्थित दूसरे किसान के खेत में गमछे से शव लटक रहा था। पुलिस को घटना से अवगत कराया गया। सीओ रूपेंद्र गौड़, थानाध्यक्ष करुणाकर पांडेय, एसएसआई विंदेश्वरी प्रसाद यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
सीओ ने परिवार के लोगों का बयान दर्ज किया। इसके बाद शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मां ने बताया कि बेटे ने नित्य क्रिया के लिए जाने की बात कही थी। इसके बाद शव फंदे से लटकता मिला है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि युवक ने आत्महत्या की है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-बड़ा खुलासा: जहां रोपे थे एक लाख पौधे अब वहीं हुई गड्डा खोदाई
