पड़ोसी ने की नाबालिग से दुष्कर्म की कोशिश, विरोध में भाई पर फावड़े से हमला
बनीकोडर, बाराबंकी: अमृतविचार। असंद्रा थाना क्षेत्र में बीती रात नाबालिग से दुष्कर्म की कोशिश कर रहे युवक का भागने से विरोध करने पर पीड़िता के भाई पर फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर हालत में पीड़िता के भाई को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर लखनऊ में भर्ती कराया गया है। जहां वह जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। शिकायत पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना थाना क्षेत्र के एक गांव की है। गांव निवासी एक व्यक्ति दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है। उसकी पत्नी की करीब बारह वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। घर पर उसका लड़का स्वप्निल शुक्ल (15) अपनी तेरह वर्षीय बहन के साथ रहता था। बीती रात भाई बहन घर पर सो रहे थे। इसी बीच पड़ोस में रहने वाला विनय मिश्र पुत्र अशोक मिश्र उसके घर में घुस आया और चाकू की नोक पर नाबालिग से दुष्कर्म करने लगा। बहन के चिल्लाने पर पास में सो रहे स्वप्निल की नींद टूट गई। स्वयं को फंसता देख आरोपी ने पास में रखे फावड़े से उस पर वार कर दिया। जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गया। मौका पाकर आरोपी फरार हो गया।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों के सहयोग से किशोर को आनन फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर में किशोर जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर असंद्रा अरुण कुमार सिंह ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
ये भी पढ़ें -लखनऊ: बिजली का फॉल्ट ठीक कर रहे संविदाकर्मी की करंट की चपेट में आने से मौत
