अयोध्या: सामुदायिक शौचालय और पंचायत भवनों का हुआ वर्चुअल लोकार्पण-शिलान्यास
अयोध्या, अमृत विचार। सोमवार को पंचायती राज विभाग की ओर से राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान, वित्त आयोग व स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत आयोजित वर्चुअल समारोह में जनपद के ग्राम पंचायतों के सामुदायिक शौचालय और पंचायत भवनों का लोकार्पण व शिलान्यास हुआ। इस वर्चुअल लोकार्पण और शिलान्यास समारोह के लिए जिला मुख्यालय के साथ …
अयोध्या, अमृत विचार। सोमवार को पंचायती राज विभाग की ओर से राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान, वित्त आयोग व स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत आयोजित वर्चुअल समारोह में जनपद के ग्राम पंचायतों के सामुदायिक शौचालय और पंचायत भवनों का लोकार्पण व शिलान्यास हुआ। इस वर्चुअल लोकार्पण और शिलान्यास समारोह के लिए जिला मुख्यालय के साथ प्रत्येक विकासखंड पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनपद के 195 ग्राम पंचायतों में निर्मित सामुदायिक शौचालय तथा एक ग्राम पंचायत में निर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण हुआ। जबकि 581 ग्राम पंचायतों में बनने वाले सामुदायिक शौचालय और 352 ग्राम पंचायतों में बनने वाले पंचायत भवन का शिलान्यास किया गया।
वर्चुअल समारोह में शिरकत कर रहे केंद्रीय पंचायत राज मंत्री ने पंचायत भवनों को ऑप्टिकल फाइबर केबल से जोड़ने तथा 100 दिन के भीतर अभियान चलाकर आगनबाड़ी व स्कूलों को पेयजल परियोजना से जोड़ने की बात कही। वहीं मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ ने रोजगार सृजन के तहत प्रत्येक पंचायत भवन पर बिजनेस कॉरस्पॉडेंट के रूप में सखी और सामुदायिक शौचालय पर 6000 प्रतिमाह पर सफाई कर्मी की तैनाती का निर्देश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सामुदायिक शौचालय को महिलाओं के सम्मान और स्वालंबन से जुड़ा बताया। उन्होंने कहा कि यह मिशन शक्ति के सफलता का आधार और आत्मनिर्भर भारत की नींव है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण लोगों की आत्मनिर्भरता ही भारत की आत्मनिर्भरता है।
इस कार्यक्रम में सांसद लल्लू सिंह अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता बीकापुर शोभा सिंह चौहान रुदौली रामचंद्र यादव, मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल, जिला अधिकारी अनुज कुमार झा, मुख्य विकास अधिकारी प्रथमेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी व मंडलीय सलाहकार नवीन सिंह, जनपद के सलाहकार दीपक सेन व अविरल पाठक शामिल हुए। जबकि ब्लॉक मुख्यालयों से ग्राम प्रधान, ग्राम विकास व पंचायत अधिकारी, रोजगार सेवक, सफाई कर्मियों आदि ने प्रतिभाग किया।
