शाहजहांपुर: जिले में आंधी-बारिश का कहर, बच्चों समेत पांच की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

-पुवायां में गोशाला टीन शेड की दीवार के नीचे दबकर तीन लोगों की मौत

शाहजहांपुर, अमृत विचार। जिले में गुरुवार शाम आई तेज आंधी और बरसात के दौरान अलग-अलग स्थानों पर दो बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं पुवायां एसडीएम संजय कुमार पांडेय ने मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए सहायता राशि देने को कहा है।

पुवायां के गांव सतवां बुजुर्ग में गुरुवार शाम छह बजे आंधी-पानी से बचने के लिए रामनरेश का आठ वर्षीय पुत्र सूरज गांव के ही 12 वर्षीय मुनेश पुत्र महेंद्र, 35 वर्षीय इंद्रेश गोशाला में पहुंच गए। तेज हवा के झोंके के साथ टीनशेड के साथ ही दीवार गिर गई, जिसके मलबे के नीचे तीनों दब गए। जिसमें सूरज की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर घायल इंद्रेश और मुनेश ने मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

वहीं, निगोही थाना क्षेत्र के गांव करौंदा निवासी 56 वर्षीय नरेश सिंह अपने 21 वर्षीय बेटे विकास के साथ गुरुवार की शाम पांच बजे आंधी-बारिश के दौरान आम के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। अचानक आंधी में पेड़ उनके ऊपर गिर गया, जिसमें नरेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और बेटा विकास मामूली घायल हुआ। गंभीर घायल नरेश सिंह ने मेडिकल कालेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

निगोही थाना क्षेत्र के गांव कुदिरना निवासी 62 वर्षीय रामरती पत्नी सुखपाल और परिवार की रेनू व ब्रजेश गुरुवार शाम साढ़े पांच बजे आंधी-बारिश में मकान की एक कोठरी में थे। तेज आंधी में कोठरी की दीवार गिर गई। जिसमें तीनों दब गए। मलबा हटाकर तीनों को निकाला गया। रामरती की मेडिकल कालेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि घायल रेनू तथा ब्रजेश की मलहम पट्टी के बाद छुट्टी कर दी गयी। 

आंधी-बारिश के दौरान दीवार गिरने से अलग-अलग स्थानों पर पांच लोगों की जान चली गई। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद 24 घंटे के भीतर मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता दे दी जाएगी-डॉ. सुरेश कुमार, एडीएम एफआर

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: पूर्णागिरी जा रहे श्रद्धालु की हार्ट अटैक से मौत, घर में मचा कोहराम

संबंधित समाचार