जौनपुर में 21 परीक्षा केंद्रों पर होगी लेखपाल परीक्षा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में लेखपाल परीक्षा 21 मई को कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच 21 परीक्षा केंद्रो पर सम्पन्न करायी जायेगी। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने इस मामले मे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार की देर शाम आगामी लेखपाल मुख्य परीक्षा-2025 की तैयारियों के संबंध में बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन संपन्न कराने हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिले में 21 परीक्षा केंद्रों पर नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने की सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई है। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा जानकारी दी गई कि लेखपाल मुख्य परीक्षा 21 मई 2026 को एक पाली में प्रातः 10:00 बजे से मध्याह्न 12:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।

जनपद में परीक्षा हेतु कुल 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के सफल संचालन हेतु 21 जोनल मजिस्ट्रेट, 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 05 आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त 21 स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं 10 आरक्षित स्टैटिक मजिस्ट्रेट भी नामित किए गए हैं। बैठक में बताया गया कि जनपद में कुल 9696 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं तथा सुरक्षा, पेयजल, विद्युत एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की लाही न बरती जाए। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराया जाए। 

साथ ही परीक्षा केंद्रों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा से संबंधित उपलब्ध कराई गई बुकलेट का सभी अधिकारी गहन अध्ययन कर लें तथा उसमें दिए गए दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेट अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण अवश्य कर लें तथा वहां पेयजल, शौचालय, सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर लें।

उन्होंने कहा कि पुलिस की सतर्कता अत्यंत आवश्यक है तथा सभी अधिकारी शासन की गाइडलाइन का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित कराते हुए परीक्षा को पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराएं। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी निर्धारित समय के भीतर अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना सुनिश्चित करें। यातायात निरीक्षक को निर्देशित किया कि परीक्षा के दृष्टिगत यातायात व्यवस्था सुगमता से संचालित हो। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, केंद्राध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।  

संबंधित समाचार