आईपीएल के बाद भी जारी रहेगा इकाना पर रोमांच, 17 जून को भारत-अफगानिस्तान वनडे में दिखेंगे ‘किंग’ और ‘हिटमैन’ 

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

राशिद खान की फिरकी और इकाना की टर्निंग पिच देगी भारतीय दिग्गजों को चुनौती

लखनऊ, अमृत विचार: इकाना स्टेडियम में आईपीएल 2026 का रोमांच भले ही 23 मई को खत्म हो जाएगा, लेकिन क्रिकेट का उत्साह यहां थमने वाला नहीं है। करीब 24 दिन बाद 17 जून को इकाना एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का गवाह बनेगा, जहां भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। टीम इंडिया की घोषणा के बाद लखनऊ के क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है।

इस मैच का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज ‘किंग’ विराट कोहली और ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा होंगे। रोहित शर्मा के विस्फोटक शॉट्स और विराट कोहली की रन मशीन बल्लेबाजी देखने के लिए स्टैंड्स एक बार फिर खचाखच भरने की उम्मीद है।

इकाना की पिच से दोनों टीमों के कई खिलाड़ी परिचित हैं। भारत के केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव यहां पहले भी खेल चुके हैं। वहीं अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान के लिए यह मैदान खास रहा है। टर्निंग पिच पर उनकी रहस्यमयी फिरकी भारतीय बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है।

अफगानिस्तान दौरे का शेड्यूल इस प्रकार है— 6-10 जून टेस्ट मैच न्यू चंडीगढ़, 14 जून पहला वनडे धर्मशाला, 17 जून दूसरा वनडे लखनऊ (इकाना स्टेडियम) और 20 जून तीसरा वनडे चेन्नई में खेला जाएगा।

संबंधित समाचार