IPL 2026: प्लेऑफ की आखिरी उम्मीद लेकर PBKS लखनऊ पहुंचा, अब तक 13 में से 9 मैच हार चुकी है LSG... 23 मई को इकाना में रोमांचक मुकाबला
लखनऊ, अमृत विचार: आईपीएल 2026 के लीग चरण का रोमांच अब अंतिम पड़ाव पर है। इकाना स्टेडियम में 23 मई को होने वाले आखिरी ब्लॉकबस्टर मुकाबले के लिए बुधवार दोपहर पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) की टीमें लखनऊ पहुंचेंगी। दोनों ही टीमों का यह इस सीजन का अंतिम लीग मैच होगा।
शेड्यूल के अनुसार पंजाब किंग्स की टीम एयरपोर्ट से सीधे गोमती नगर स्थित होटल पहुंचेगी और गुरुवार को इकाना स्टेडियम में अभ्यास करेगी। वहीं, राजस्थान रॉयल्स से मुकाबले के बाद एलएसजी भी बुधवार को लखनऊ लौट आएगी।
लगातार छह हार के बाद पंजाब किंग्स की स्थिति प्लेऑफ की दौड़ में बेहद मुश्किल हो गई है। टीम को न सिर्फ यह मुकाबला बड़े अंतर से जीतना होगा, बल्कि अन्य टीमों के परिणामों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा। नेट रन रेट की जटिलता के कारण जीत के बाद भी उसके बाहर होने की संभावना बनी हुई है।
दूसरी ओर, प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए यह मैच सम्मान की लड़ाई होगा। शुरुआती हार के बाद टीम ने घरेलू मैदान पर वापसी करते हुए पिछले दोनों मुकाबले जीते हैं और अब जीत की हैट्रिक के साथ अपने फैंस को जीत का तोहफा देने की कोशिश करेगी।
