आर्थिक गतिविधियों में ऊंची छलांग और मोदी 3.0 की आहट से शेयर बाजार ने भड़ी उड़ान
मुंबई। भारतीय अर्थव्यवस्था के दुनिया में सबसे तेज 8.2 प्रतिशत की गति से वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़ने और आम चुनाव में श्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में मोदी 3.0 सरकार बनने के चुनाव बाद सर्वेक्षणों के रूझान से उत्साहित निवेशकों की लिवाली के बल पर आज शेयर बाजार ने नया रिकार्ड बनाया।
इस दौरान बीएसई का सेंसेक्स 76 हजार अंक के स्तर को पार करते हुये 76468.78 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज(एनएसई) का निफ्टी भी पहली बार 23 हजार अंक के पार 23263.90 अंक पर रहा। पिछले सप्ताहांत पर कारोबार बंद होने के बाद वित्त वर्ष 2023-24 के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़े आये थे जिसमें भारत 8.2 प्रतिशत की जीडीपी वृद्धि के साथ दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ने वाला देश बना रहा है।
हालांकि अधिकांश प्रमुख वैश्विक एजेंसियों ने इसके 7.0 प्रतिशत आसपास रहने का अनुमान जताया था। एक जून को आम चुनाव के लिए अंतिम चरण का मतदान हुआ था और उसके बाद जारी एक्जिट पोल में मोदी 3.0 का अनुमान जताया गया है। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन आज शुरूआती कारोबार में ही इन दोनों पहलुओं का असर दिखा और उत्साहित निवेशकों की लिवाली के बल पर शेयर बाजार ने नया रिकार्ड कायम किया।
बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 2622 अंक की छलांग लगाकर पहली बार 76 अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार 76,583.29 अंक पर खुला और रिकॉर्ड लिवाली की बदौलत थोड़ी देर बाद ही 76,738.89 सार्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। हालांकि रिकॉर्ड ऊंचे भाव पर निवेशकों ने मुनाफा भी वसूला, जिससे सेंसेक्स 75,678.43 अंक के निचले स्तर पर भी रहा।
अंत में यह पिछले दिवस के 73961.31 अंक की तुलन में 2507.47 अंक अर्थात 3.39 प्रतिशत की रिकार्ड तेजी के साथ पहली बार 76 हजार अंक के स्तर को पार करते हुये 76467.78 अंक पर रहा। इसी तरह से एनएसई का निफ्टी 807 अंक की उड़ान भरकर 23,337.90 अंक पर खुला और 23,338.70 अंक के रिकॉर्ड ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। सत्र के दौरान यह 23062.30 अंक के निचले स्तर तक उतरा भी। अंत में यह पिछले दिवस के 22530.70 अंक की तुलना में 733.20 अंक अर्थात 3.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ पहली बार 23 हजार के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार करते हुये 23263.90 अंक पर रहा।
ये भी पढ़ें- महंगाई का झटका! Mother Dairy ने बढ़ाए दूध के दाम...जानें नए रेट
