Unnao Lok Sabha: भाजपा प्रत्याशी साक्षी महाराज ने लगाई जीत की हैट्रिक, गठबंधन प्रत्याशी अन्नू टंडन को 37190 मतों से हराया
जीत की खुशी में कार्यकर्ताओं ने बांटे लड्डू
उन्नाव, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर उन्नाव सीट पर मतगणना खत्म होने के बाद बीजेपी प्रत्याशी सच्चिदानंद साक्षी महाराज ने गठबंधन से सपा प्रत्याशी अन्नू टण्डन को 37 हजार वोटों से पराजित किया। उन्नाव सीट से साक्षी महाराज की लगातार तीसरी जीत होने के चलते कार्यकर्ताओं में खासी खुशी देखी गयी। इस दौरान साक्षी महाराज ने जीत के लिये जनपद की जनता का धन्यवाद किया है।
बता दें मंगलवार सुबह 8 बजे दही चौकी स्थित एफसीआई वेयरहाउस में मतगणना शुरू हुयी। ईवीएम से 33 वें राउंड में मतगणना पूर्ण हुयी। भाजपा प्रत्याशी सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज को कुल 613911 मत मिले। वही गठबंधन से सपा प्रत्याशी अन्नू टंडन को 576721 व बसपा प्रत्याशी अशोक पांडे को 72069 मत प्राप्त हुये।
भाजपा प्रत्याशी साक्षी महाराज ने लगातार तीसरी बार जीत हासिल करते हुये गठबंधन से सपा प्रत्याशी अन्नू टंडन को 37190 वोटो से पराजित करते हुये जीत की हैट्रिक लगायी। इस दौरान डीएम गौरांग राठी ने साक्षी महाराज को जीत का प्रमाण पत्र दिया। जीत के बाद मीडिया से बात करते हुये साक्षी महाराज ने कहा कि वह उन्नाव की जनता का आभार व्यक्त करते हैं, जिसने मेरा सम्मान बढ़ाया है।
उत्तर प्रदेश में एनडीए की सीटे कम आने के सवाल पर उन्होनें कहा कि जो स्थितियां उत्तर प्रदेश में बनी हैं,वह किन कारणों से बनी हैं इसकी समीक्षा की जायेगी। मतगणना के दौरान पुलिस अधिकारियों के साथ जवानों की तैनाती की गयी थी। मतगणना केंद्र जाने वाले रास्तों पर बैरियर लगाये गये थे। इस दौरान अधिकृत वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति थी। मतगणना के परिणाम घोषित होने के बाद शहर में किसी तरह का तनाव न हो इसको लेकर भी प्रशासन सतर्क रहा।
