Moradabaad : डंपर की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो बच्चों समेत चार की मौत..16 घायल
ओवरटेक करते समय हुआ हादसा
मुरादाबाद, अमृत विचार। मैनाठेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं और दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 15–16 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा सुबह करीब 5:25 बजे असदपुर पुलिया के पास हुआ। जानकारी के अनुसार संभल जनपद के भटौला गांव निवासी नरेश सैनी अपने रिश्तेदारों के साथ गुरुवार रात मुरादाबाद के गुरेर गांव में बेटी की शादी में “भात” देने गए थे। शुक्रवार सुबह सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे बजरी से भरे डंपर ने ओवरटेक करने के प्रयास में ट्रैक्टर-ट्रॉली को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में 55 वर्षीय शांति देवी पत्नी तोताराम, सुमन पत्नी विनोद और अजित पुत्र विनोद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सृष्टि ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही मैनाठेर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक किरण पाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
