पेड़ पौधे हमारे जीवन के लिए अति महत्वपूर्ण :उप कमांडेंट एसएसबी
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में बृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन
श्रावस्ती, अमृत विचार। बुधवार को रबीन्द्र कुमार राजेश्वरी, कमान्डेंट 62वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, भिनगा के दिशा निर्देशन एवं निरुपेश कुमार, उप कमान्डेंट के नेतृत्व में विश्व पर्यावरण दिवस 2024 के उपलक्ष्य में वाहिनी मुख्यालय भिनगा सहित समस्त समवाय/सीमा चौकी में एक बृहद पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में वाहिनी के अधिकारियों और जवानों ने भाग लिया। जिसमे फलदार व् छायादार विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखने के लिए जवानों ने शपथ ली । इस अवसर पर निरुपेश कुमार उप कमान्डेंट ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना हमारा सामूहिक दायित्व है। पेड़-पौधे हमारे जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। वे हमें शुद्ध हवा प्रदान करते हैं। धरती को कटाव से बचाते हैं और जलवायु परिवर्तन को कम करने में मदद करते हैं।
उन्होंने जवानों को अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाने व दूसरे लोंगो को जागरूक करने और उन पौधों में प्रतिदिन पानी देने के साथ पिछले वर्षों में लगे हुए पौधों में भी प्रतिदिन पानी से सिचाई करने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि हमें प्रकृति के साथ तालमेल बनाकर रहना चाहिए और पर्यावरण को स्वच्छ रखने का प्रयास करना चाहिए।
यह पौधारोपण कार्यक्रम 62वीं वाहिनी एसएसबी की ओर से पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वाहिनी न केवल सीमा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि अपने क्षेत्र में पर्यावरण को बचाने के लिए भी सक्रिय रूप से काम कर रही है। इस मौके पर केएच नाबा चन्द्र सिंह सहायक कमान्डेंट, के साथ उप निरीक्षक हीरे भाग्य श्री सुभास, सहायक उप निरीक्षक सोहन सिंह व समस्त जवान उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें -बरेली: अमृत विचार के ऑफिस पहुंचे यूपी के वन मंत्री ने किया पौधरोपण
