Kanpur: सेंट्रल पर बदलेगा सुरंग का प्रवेश व निकास द्वार, प्लेटफार्म 11 बनने से आउटर पर नहीं रुकेंगी ट्रेनें, टूटेगी पार्सल बिल्डिंग
कानपुर, अमृत विचार। नयागंज से सेंट्रल के बीच मेट्रो टनल का काम पूरा होने से 11 नंबर लाइन निर्माण की अड़चनें दूर हो गई हैं। स्टेशन री डेवलपमेंट का काम जल्द गति पकड़ेगा। लाइन निर्माण से सुरंग में प्रवेश और निकास में भी कुछ बदलाव किया जाना है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार लाइन निर्माण में यात्रियों को कोई असुविधा नहीं होगी। जरूरत पड़ने पर नौ नंबर लाइन की ट्रेनों का प्लेटफार्म बदलकर निर्माण कराया जाएगा।
सेंट्रल स्टेशन पर री डेवलपमेंट के तहत सुतरखाना की तरफ प्लेटफार्म नंबर 11 का निर्माण होना है। आरक्षण केंद्र, वेटिंग हॉल पहले ही टूट चुका है। इधर मेट्रो का काम भी 15 जुलाई तक पूरा करने का लक्ष्य है। उससे पहले ही 11 नंबर निर्माण के लिए तोड़फोड़ चालू हो जाएगी। स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि नई लाइन बनने से सुरंग का प्रवेश व निकास द्वार बदला जाएगा। मौजूदा समय में सुतरखाना से जहां से सुरंग में प्रवेश करते हैं यह बंद हो जाएगा।
सुतरखाना की तरफ मंदिर के पास से सीधा सुरंग में प्रवेश मिलेगा। वहीं एक नंबर पर निकास द्वार भी बंद होगा। इसकी जगह जीआरपी पार्सल लाइन की तरफ द्वार खोला जाएगा। नौ नंबर लाइन के किनारे टिन की दीवार खड़ी कर दी गई है। जिससे तोड़फोड़ के कारण कोई बाधा न आए। नौ नंबर प्लेटफार्म के बाहर लगी दो स्वचलित सीढ़ियों से अड़चन आ सकती है। ऐसे में उन्हें भी जरूरत के हिसाब से शिफ्ट किया जा सकता है।
आउटर पर नहीं रुकेंगी ट्रेनें
प्लेटफार्म 11 बनने से लखनऊ की तरफ से आने वाली ट्रेनें अब आउटर पर नहीं फसेंगी। अभी अधिकांश ट्रेनों को आउटर पर रोक दिया जाता है। इस समस्या का समाधान हो जाएगा।
सेंट्रल से ट्रेनों की संख्या बढ़ेगी
नई लाइन बनने से करीब 20 और ट्रेनें सेंट्रल पर आसानी से आ-जा सकेंगी। स्टेशन अधीक्षक ने बताया सेंट्रल से चलने वाली ट्रेनों में इजाफा किया जा सकता है।
टूटेगी पार्सल बिल्डिंग
नई 11 नंबर लाइन बनने से उसके रास्ते में आ रही पार्सल बिल्डिंग को भी तोड़ा जाएगा। पार्सल बिल्डिंग के आगे भी अतिक्रमण साफ कराया जाएगा। बिल्डिंग की सीध में होने के कारण स्वचलित सीढ़ी हटाने की संभावना है।
