बदायूं: दामाद को बचाने आई महिला की लाठी मारकर हत्या, परिवार में कोहराम...रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

शराब के नशे में थाना हजरतपुर क्षेत्र के गांव भेड़ा में हुआ था विवाद

बदायूं, अमृत विचार। थाना हजरतपुर क्षेत्र के एक गांव में शराब के नशे में धुत दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी और गाली-गलौज हुई। मारपीट शुरू हो गई। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर एक युवक के सिर पर लाठी से वार किया। युवक को बचाने के लिए उसकी सास बीच में आ गई। लाठी उसके सिर पर लगी। महिला की मौके पर मौत हो गई।

हत्यारोपी मौके से भाग गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसपी देहात राम मोहन सिंह और सीओ दातागंज केके तिवारी ने मौका मुआयना किया। ग्रामीणों से पूछताछ की। महिला के दामाद की तहरीर पर पुलिस ने हत्यारोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके हिरासत में ले लिया है। मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है। 

जिला मऊ की कोतवाली सदर क्षेत्र के गांव सनेकपुर निवासी सरस्वती (70) पत्नी रंपत की बेटी लीलावती की शादी थाना हजरतपुर क्षेत्र के गांव भेड़ा निवासी वनासुर से हुई थी। सरस्वती दामाद के घर पर ही रह रही थी। उनकी बेटी लीलावती और दामाद वनासुर ही उनकी देखभाल करते थे। शुक्रवार रात लगभग नौ बजे वनासुर और उसके पड़ोस में रहने वाले तेजपाल पुत्र नेकसू से किसी बात को लेकर शराब के नशे में झगड़ा हो गया था।

दोनों के बीच काफी देर तक गाली-गलौज होती रही। शोर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। दोनों पक्ष के लोग भी मौके पर आ गए। वनासुर और तेजपाल के बीच मारपीट शुरू हो गई। सरस्वती ने दोनों को बचाने की कोशिश की। काफी देर के बाद मामला शांत होने लगा। जिसके चलते वनासुर अपने घर जाने लगे। साथ ही उनकी सास सरस्वती भी घर गईं। इसी दौरान तेजपाल लाठी लेकर उनके घर में घुस गया और वनासुर पर लाठी से हमला करना शुरू कर दिया। 

वनासुर ने खुद को बचाने का प्रयास किया। उसकी सास सरस्वती बचाने के लिए आ गईं। तेजपाल की एक लाठी उनके सिर में जा लगी। वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गईं। हमलावर तेजपाल भाग गया और सरस्वती की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह मौके पर पहुंच गए। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को एसपी देहात और सीओ दातागंज गांव पहुंचे। लीलावती और ग्रामीणों के बयान लिए। 

पुलिस ने साक्ष्य संकलित किए। महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। वनासुर की तहरीर पर आरोपी तेजपाल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। सीओ दातागंज केके तिवारी ने बताया कि महिला की मौत हुई थी। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उसे हिरासत में लिया गया है। पूछताछ के बाद जेल भेजा जाएगा।

ये भी पढ़ें- Badaun News : मरीजों की जान से खिलवाड़, तीन चिकित्सक समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार